टोक्यो ओलम्पिक में दिखेगा छोरियों के मुक्के का दम

37 महिला मुक्केबाजों में से 21 हरियाणा की
खेलपथ प्रतिनिधि
चंडीगढ़।
टोक्यो (जापान) में होने वाले ओलम्पिक खेलों में इस बार हरियाणवी मुक्के का दम देखने को मिलेगा। ओलम्पिक में भाग लेने के लिए चयनित की गई देशभर की कुल 37 महिला मुक्केबाजों में से 21 अकेली हरियाणा से हैं। इन महिला खिलाड़ियों की प्रेक्टिस नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में शुरू हो गई है। प्रैक्टिस 31 जुलाई तक चलेगी। 
ओलम्पिक कैम्प में हरियाणा की 21 महिला बॉक्सर होने की वजह से राज्य के खेल एवं युवा मामले मंत्रालय का भी मनोबल बढ़ गया है। खेल एवं युवा मामलों के राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि ओलम्पिक कैम्प में रोहतक की छह और भिवानी की पांच मुक्केबाजों का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि यहां की बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। ओलम्पिक कैंप को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है। कैंप में 48, 51, 52, 57, 60, 64, 69, 75 और 81 किलो भार वर्ग की खिलाड़ी भाग ले रही हैं। राज्य सरकार द्वारा ओलम्पिक क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ी को तैयारियों के लिए पांच लाख रुपये एडवांस मिलेंगे 
ग्रामीण परिवारों की बेटियाें के जज्बे को सलाम
ग्रामीण परिवारों से बेटियां आगे बढ़ रही हैं। महिला मुक्केबाजों से हरियाणा का बॉक्सिंग क्षेत्र अलग मुकाम पा चुका है। आयोजन में हरियाणा की मंजू रानी, मोनिका, आरती, ज्योति, अनामिका हुड्डा, मीनाक्षी, शिक्षा, मनीषा, साक्षी ढांडा, सोनिया लाठर, सोनिया चहल, जैस्मिन लंबोरिया, शशि चोपड़ा, प्रवीण हुड्डा, जॉनी फोगाट, अमृता अहलावत, पूजा बोहरा, पूजा सैनी, सुषमा यादव, अनुपमा कुंडू आदि शामिल हैं। 
104 वर्षीय मान कौर से मिले खेल मंत्री
खेल मंत्री संदीप सिंह ने चंडीगढ़ में देश की वयोवृद्ध एथलीट व कई गोल्ड मेडल जीत चुकीं 104 वर्षीय सरदारनी मान कौर और उनके पुत्र गुरदेव सिंह से मुलाकात की। मान कौर ने 93 साल की उम्र में दौड़ना शुरू किया था। अब तक वह 90 के करीब गोल्ड मेडल दौड़, जैवलिन थ्रो और शॉटपुट में जीत चुकी हैं। बुजुर्ग एथलीट 6 विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी हैं और विश्व की 10 प्रसिद्ध सिख प्रभावशाली महिलाओं में अपना नाम दर्ज करवा चुकी हैं। सरदारनी मान कौर दो दर्जन से ज्यादा देशों के मास्टर गेमों में भाग ले चुकी हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स