सात से 14 फरवरी तक कानपुर की महिलाएं विभिन्न खेलों में करेंगी शिरकत

महिला खेल महोत्सव पर हुई विस्तार से चर्चा

खेलपथ प्रतिनिधि

कानपुर। बाबूपुरवा कॉलोनी स्थित नया सेंटर पार्क में "अमर शहीद मेजर सलमान महिला खेलकूद महोत्सव 2021" के आयोजक कमेटी के सदस्यों की बैठक में आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कार्यक्रम के शुभारंभ एवं समापन की रूपरेखा तैयार की गई। महिला खेलकूद महोत्सव सात फरवरी से 14 फरवरी तक चलेगा जिसमें नारी शक्ति खेलों में जलवा दिखाएंगी।

बैठक में महिला खेल महोत्सव का शुभारम्भ सात फरवरी को दोपहर एक बजे से नया सेंटर पार्क बाबूपुरवा कालोनी में करने का निर्णय लिया गया। शुभारंभ अवसर पर म्यूजिकल योगा, बॉक्सिंग कार्यक्रम की प्रस्तुति की जाएगी। खेल महोत्सव में दौड़, लम्बी कूद, वालीबॉल, हैंडबॉल, डॉट्स, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर रेस, कैरम इत्यादि खेल का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन तीरंदाजी, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर रेस और वॉलीबॉल खेल का आयोजन नया सेंटर पार्क पर किया जाएगा। इसी क्रम में अजीतगंज तिकोनी पार्क में 10 व 11 तारीख को चेस और कैरम प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

8, 9, 10 तारीख को चाचा नेहरू पार्क में रस्साकशी, तीरंदाजी, म्यूजिकल चेयर रेस, बैडमिंटन, डार्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ज्वाला पार्क में 12 तारीख को म्यूजिकल चेयर और  डॉट्स का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 10 एवं 11 तारीख को नया सेंटर पर वॉलीबॉल, 12, 13 एवं 14 तारीख को हैंडबॉल एवं एथलेटिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस खेल महोत्सव में सभी उम्र की महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं। खेल महोत्सव में भी प्रवेश फार्म भरे जा सकते हैं। खेल महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को खेल के प्रति आकर्षित करना है। कार्यक्रम का समापन 14 फरवरी रविवार को शाम पांच बजे नया सेंटर पार्क में किया जाएगा। इसी दिन पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा। बैठक में मीना मिश्रा, मोना अहमद, शाजिया सिद्दीकी, मनीषा मिश्रा, राजन चौहान, रजत दीक्षित, रनी भाई, मनोज पंत, आरिफ एडवोकेट, कुतुबुद्दीन, इमरान शकील, मनीष दीक्षित, विष्णु, आचार्य शैलेश कुमार, अनुकृति साहू, महरूफ अहमद, भल्लू , संध्या, हरिशंकर गुप्ता आदि उपस्थित थे।

रिलेटेड पोस्ट्स