जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला ने दिया देशभक्ति से खेलशक्ति का संदेश

शारीरिक शिक्षक अंजली चौरसिया की देख-रेख में लगाई दौड़

विद्यालय परिवार ने वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग के प्रयासों को सराहा

खेलपथ प्रतिनिधि

झाबुआ। शारीरिक शिक्षक अंजली चौरसिया के मार्गदर्शन में जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला जिला झाबुआ के शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने इस बार गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर अपने अंदाज में फिट इंडिया का संदेश दिया। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने तिरंगे को सलामी देने के बाद वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग, फिट इंडिया यूनिट और भारतीय खेल मंत्रालय की मंशानुरूप दौड़ में हिस्सा लिया।

गौरतलब है कि इस साल गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग, फिट इंडिया यूनिट और भारतीय खेल मंत्रालय द्वारा देशभक्ति को खेलशक्ति से जोड़ने के लिए एक अभिनव प्रयास किया गया। वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग की पहल पर तीन वर्गों में देशभक्ति दौड़ का आयोजन किया गया जिसमें शारीरिक शिक्षक अंजली चौरसिया के मार्गदर्शन में जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला जिला झाबुआ के शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ दौड़ के माध्यम से फिट इंडिया का संदेश दिया। वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग के इस आयोजन में भारत सहित 53 देशों ने सहभागिता की।

भारत की जहां तक बात है इस बार गणतंत्र दिवस पर देश के सभी राज्यों सहित 6057 जगहों पर देशभक्ति को खेलशक्ति से जोड़ने का शानदार आयोजन किया गया। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला जिला झाबुआ के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शारीरिक शिक्षक अंजली चौरसिया ने खेलपथ से बातचीत में बताया कि यह वेटरंस इंडिया स्पोर्ट्स विंग की सराहनीय पहल है। जब तक देश के जन-जन में खेल संस्कृति का भाव पैदा नहीं होगा, हमारा मुल्क खेल महाशक्ति नहीं बन सकता।

श्रीमती चौरसिया ने कहा कि आज की भाग-दौड़ भरी जिन्दगी में कुछ समय हम व्यायाम और खेलों को देकर स्वस्थ और निरोगी रह सकते हैं। अंजली कहती हैं कि किसी राष्ट्र के विकास में वहां की आवाम का स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। इस आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य एन.एल. झारिया, शिक्षक संतोष चौरसिया, शारीरिक शिक्षक अंजली चौरसिया, अनिल, जावेद, नीलम, अंतिम्बका, आदित्य शाक्यवार, रामवती, नैतिक, मैहर, मोना आदि का सहयोग सराहनीय रहा।

   

 

रिलेटेड पोस्ट्स