तीरंदाज अर्चिता थापा और दिव्यांश यादव ने बढ़ाया कानपुर का मान

ऑनलाइन वर्ल्ड इंडोर तीरंदाजी में हासिल की छठी रैंक
खेलपथ प्रतिनिधि
कानपुर।
कहते हैं हौसले बुलंद हों तो कोई काम मुश्किल नहीं। इस बात को सिद्ध किया कानपुर की होनहार तीरंदाज अर्चिता थापा ने। अर्चिता ने ऑनलाइन वर्ल्ड इंडोर तीरंदाजी में छठी रैंक हासिल कर कानपुर सहित समूचे उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इसी के साथ ही बालक कम्पाउंड वर्ग में दिव्यांश यादव ने 600 में से 597 अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में छठा स्थान हासिल किया। यह जानकारी जिला तीरंदाजी संघ कानपुर के सचिव राजा भारत अवस्थी ने दी है। 
कोरोना संक्रमण के कारण वर्ल्ड आर्चरी द्वारा तीरंदाजों को उनके अभ्यास में वापस लाने और इंडोर तीरंदाजी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडार तीरंदाजी वर्ल्ड सीरीज का आयोजन किया गया जिसमें कानपुर की उभरती तीरंदाज बेटी अर्चिता थापा ने छठी रैंक हासिल की। इस आयोजन का तीसरा चरण 15 जनवरी से 17 जनवरी तक सम्पन्न हुआ। इसमें सभी तीरंदाजों ने अपने-अपने शूटिंग रेंज में सटीक निशाने लगाए। इसके परिणाम के लिए वर्ल्ड आर्चरी द्वारा ऑनलाइन स्कोरिंग ऐप का प्रयोग किया गया। सभी स्कोर की जाँच कर वर्ल्ड आर्चरी संस्था द्वारा तीसरे चरण की रैंकिंग जारी की गई। इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर के तीन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के बालक कम्पाउंड वर्ग में दिव्यांश यादव ने 600 में से 597 अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में छठा स्थान हासिल किया। साथ ही सीनियर वर्ग में शैलेष कुमार ने 600 में से 589 अंकों के साथ 52वी रैंक हासिल की। स्वदेशी धनुष (बेरबो) के बालिका वर्ग में अर्चिता थापा ने 600 में से 533 अंकों के साथ छठी रैंक हासिल की। इस प्रतियोगिता का चौथा चरण 12 से 14 फरवरी को होगा। उसके बाद सभी चरणों के अंकों को मिलाकर अंतिम इंडोर तीरंदाजी की वर्ल्ड रैंकिंग जारी की जाएगी।

 

रिलेटेड पोस्ट्स