मध्य प्रदेश बना खेलों में रोल माडलः यशोधरा राजे सिंधिया

खेल मंत्री सिंधिया ने ग्रहण किया अवार्ड

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल। भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) द्वारा खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान करने वाली खेल हस्तियों को इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड-2020 प्रदान किए गए। खेलों के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में किए जा रहे अभूतपूर्व विकास और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही अंतरराष्ट्रीय खेल सुविधाओं के लिए मध्य प्रदेश को ‘‘बेस्ट स्टेट प्रमोटिंग स्पोर्ट्स अवार्ड’’ से नवाजा गया। फिक्की द्वारा आयोजित ऑनलाइन वर्चुवल अवार्ड समारोह में यह अवार्ड प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को प्रदान किया गया।

खेल मंत्री ने मध्यप्रदेश को ‘‘बेस्ट स्टेट प्रमोटिंग स्पोर्ट्स अवार्ड’’ से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए संकल्पित है। यशोधरा राजे सिंधिया ने यह भी बताया कि 2006-07 में राज्य सरकार द्वारा राज्य खेल अकादमियों की स्थापना की गई। सबसे पहले महिला हाकी अकादमी की स्थापना ग्वालियर में की गई।

 महिला हाकी अकादमी की खिलाड़ियों ने कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां प्रदेश को दी हैं। 36 साल के लम्बे अंतराल के बाद भारत ने 2016 के रियो ओलम्पिक के लिए पात्रता अर्जित की थी। भारत को ओलम्पिक में भाग लेने की पात्रता दिलाने वाली टीम की आधी खिलाड़ी मध्यप्रदेश राज्य महिला हाकी अकादमी की खिलाड़ी थीं। रियो ओलम्पिक में मध्य प्रदेश की छह महिला खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया। वर्तमान में भी प्रदेश की चार खिलाड़ी भारतीय हाकी दल के प्रशिक्षण शिविर में अभ्यासरत हैं जिनकी टोक्यो ओलम्पिक में भागीदारी करने की प्रबल संभावना है।

महिला हाकी अकादमी की उपलब्धियों से प्रोत्साहित होकर प्रदेश सरकार ने 19 खेलों में राज्य खेल अकादमी की स्थापना की जिसमें प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय अधोसंरचना तथा प्रशिक्षण की व्यवस्था प्रदेश सरकार ने की। प्रदेश सरकार के प्रोत्साहन के कारण खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को गौरवान्वित किया। अकादमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 3299 पदक तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 416 पदक अब तक अर्जित किए हैं।

मध्य प्रदेश के शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तथा चिंकी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को टोक्यो ओलम्पिक की पात्रता दिलायी। वर्तमान में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के चार प्रतिभावान खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह, चिंकी यादव, रुबीना फ्रांसिस तथा सुनिधि चौहान टोक्यो ओलम्पिक की तैयारी के लिए भारतीय प्रशिक्षण शिविर में अभ्यासरत हैं। वाटर स्पोर्ट्स तथा आर्चरी अकादमी के खिलाड़ी भी भारतीय प्रशिक्षण शिविर में अभ्यासरत होकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए तैयारी कर रहे हैं।

खिलाड़ियों की उपलब्धियों, प्रदेश सरकार के प्रोत्साहन के कारण मध्य प्रदेश पूरे देश में रोल माडल बन गया है। छत्तीसगढ़, राजस्थान, गोवा, मेघालय, नागालैण्ड और ओड़िशा जैसे राज्य मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमी माडल का अनुसरण करने का प्रयास कर रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश की खेल अधोसंरचना देश की सर्वश्रेष्ठ खेल अधोसंरचना में गिनी जाती है। राज्य शूटिंग अकादमी विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित हैं। हाकी अकादमी में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमी का वाटर स्पोर्ट्स सेंटर भी देश के सर्वश्रेष्ठ वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में गिना जाता है।

केन्द्र सरकार ने भी मध्य प्रदेश की खेल अधोसंरचना तथा उपलब्धियों को दी मान्यता

केन्द्र सरकार ने भी मध्य प्रदेश की उपलब्धियों को दृष्टिगत रखते हुए भविष्य के चैम्पियन खिलाड़ी तैयार करने के लिए म.प्र. राज्य शूटिंग, रोइंग तथा हाकी अकादमी को खेलो इंडिया ‘‘स्टेट सेंटर आफ एक्सीलेंस’’ बनाया है। यहां उल्लेखनीय है कि देश के चुनिन्दा छह राज्यों के प्रशिक्षण केन्द्रों को खेलों इंडिया ‘‘स्टेट सेंटर आफ एक्सीलेंस’’ के लिए चुना था। मध्य प्रदेश को सबसे ज्यादा तीन खेलों में सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाया है।

पहले भी अवॉर्ड से सम्मानित हुआ प्रदेश

खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए मध्यप्रदेश को पूर्व में भी कई अवॉर्ड मिल चुके हैं। याटिंग एसोसियेशन ऑफ इंडिया द्वारा मध्य प्रदेश में नौकायन खेल को बढ़ावा देने के लिए नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल को वर्ष 2012, 2015 और 2018 में  ’एडमिरल कोहली अवार्ड’ से सम्मानित किया जा गया है। वर्ष 2017 में नेशनल सेलिंग स्कूल को ’बेस्ट क्लब ऑफ द ईयर’ के अवॉर्ड से नवाजा गया। सेलिंग खिलाड़ी हर्षिता तोमर को 2015, 2017 और 2018 में ’याट्स पर्सन ऑफ द ईयर’, वर्ष 2017 में राम मिलन यादव और 2018 में गोविंद बैरागी को ’मोस्ट प्रमोसिंग ऑफ द ईयर’ तथा उमा चौहान को ’बेस्ट वूमेन सेलर’ का अवॉर्ड मिल चुका है।   

इसी तरह वर्ष 2014-15 में महिला हाकी अकादमी ग्वालियर को हाकी इंडिया द्वारा ’प्रेसीडेंट अवार्ड’ तथा हाकी ओलम्पियन प्रीति दुबे को ’बेस्ट अपकमिंग प्लेयर’ के अवार्ड से नवाजा गया। वर्ष 2019 में इंटरनेशनल हाकी फेडरेशन द्वारा पुरूष हाकी अकादमी के खिलाड़ी विवेक सागर को ’राइजिंग स्टार’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन ने बताया कि फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा (फिक्की) द्वारा मध्य प्रदेश को ‘‘बेस्ट स्टेट प्रमोटिंग स्पोर्टस अवार्ड’’ से नवाजा गया है। खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की खेलों में विशेष रूचि और उनके द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों के परिणाम स्वरूप मध्यप्रदेश खेलों के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों में इस राष्ट्रीय अवार्ड से खुशी की लहर है। हमारे खिलाड़ी अवार्ड से प्रोत्साहित होकर पूरी लगन से ओलम्पिक, एशियन गेम्स, कामनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों के लिए तैयारी कर रहे हैं। प्रतिष्ठित फिक्की इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड-2020 के वर्चुअल अवार्ड समारोह में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, प्रमुख सचिव खेल पंकज राग, संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन, संयुक्त संचालक डा. विनोद प्रधान एवं बी.एस. यादव सहित अन्य खेल अधिकारी उपस्थित थे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स