मध्य प्रदेश वाटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी के आठ खिलाड़ी मुंबई पहुंचे

ट्रेनिंग कम कॉम्पटीशन में करेंगे भागीदारी

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य  सेलिंग अकादमी (वाटर स्पोर्ट्स) की सात बालिका और एक बालक खिलाड़ी मुंबई में आयोजित ट्रेनिंग कम कॉम्पटीशन में भाग लेने के लिए मुंबई पहुंच गए हैं। इनमें हर्षिता तोमर, एकता यादव, रितिका दांगी, उमा चौहान, श्रद्धा वर्मा, शीतल वर्मा, वंशिता परिहार और राम मिलन यादव शामिल हैं। यह खिलाड़ी मुंबई में ओलम्पिक क्वालीफाइंग की तैयारी के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और 21 से 27 नवंबर, 2020 तक सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप में भागीदारी कर 30 दिसम्बर, 2020 को वापस भोपाल लौटेंगे।

मुंबई रवाना होने से पूर्व  खिलाड़ियों ने प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया से भेंट की। खेल मंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरे आत्मविश्वास और परिश्रम से प्रशिक्षण प्राप्त करें और चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वयं को अच्छा खिलाड़ी साबित करें। इस अवसर पर  वाटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक अर्जुन अवॉर्डी जी.एल. यादव भी उपस्थित थे।

खिलाड़ियों ने टी.टी. नगर स्टेडियम पहुंचकर संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन से भी भेंट की। खेल संचालक श्री जैन ने खिलाड़ियों से चर्चा कर उनकी उपलब्धियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सफलता हासिल करें और मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को कोविड-19 संक्रमण से बचाव के संबंध में केंद्र और राज्य शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन कर एहतियात बरतने की ताकीद करते हुए कहा कि संक्रमण से बचाव का यही उपाय है कि मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और समय समय पर हाथों को सैनिटाइजेशन करते रहें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि खेल उपकरणों को सैनिटाइजेशन किया गया है या नहीं। इस मौके पर सेलिंग प्रशिक्षक जी.एल. यादव एवं सहायक संचालक डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स