ग्वालियर की इशिका चौधरी जूनियर इंडिया कैंप में शामिल

टी. सुमन देवी अंडर-21 भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान

शिविर में महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर की चार और पुरुष हाकी अकादमी भोपाल का एक खिलाड़ी शामिल

खेलपथ प्रतिनिधि

भोपालबेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (अंडर -21 इंडिया कैंप) के लिए मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर की खिलाड़ी टी. सुमन देवी, इशिका चौधरी, योगिता बोरा और बिच्छू देवी तथा मध्य प्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल के एकमात्र खिलाड़ी अंकित पाल का चयन किया गया है। आगामी एशिया कप की तैयारी के उद्देश्य से साईं द्वारा बेंगलुरु में करीब दो माह का जूनियर इंडिया कैंप आयोजित किया जा रहा है।

म.प्र. राज्य महिला हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार ने बताया कि अकादमी की डिफेंडर खिलाड़ी इशिका चौधरी और टी. सुमन देवी, फॉरवर्ड खिलाड़ी योगिता बोरा तथा गोलकीपर बिच्छू देवी जूनियर इंडिया कैंप में भाग लेने के लिए बेंगलुरु पहुंच गई हैं। टी. सुमन देवी अंडर-21 भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान हैं।

मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक राजिंदर सिंह ने बताया कि अंकित पाल जूनियर इंडिया कैंप में शामिल होने के लिए अगले हफ्ते बेंगलुरु पहुंच जाएंगे। अंकित पाल बीते 2 वर्षों से अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ष 2019 में नेहरू हॉकी कप विजेता टीम में वह शामिल रहे हैं। अंकित पाल ने वर्ष 2018-19 में जूनियर, सब जूनियर और सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप में भी भागीदारी कर बेहतर प्रदर्शन किया है। गत वर्ष ट्रेनिंग कम कॉम्पटीशन के लिए हॉलैण्ड गई अकादमी की टीम में भी अंकित पाल शामिल थे।

रिलेटेड पोस्ट्स