अर्जुन पुरस्कार से उत्साहित हैं दुती चंद

टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने को बेताब
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर। देश की स्टार महिला धावक दुती चंद अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन होने से काफी खुश हैं। वह कहती हैं कि उनका एकमात्र लक्ष्य टोक्यो ओलम्पिक का टिकट हासिल करना है। दुती कहती हैं कि व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन टोक्यो के लिए कट में जगह बनाने के लिए काफी नहीं है। उनका कहना है कि अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना जाना उन्हें मुश्किल ‘ओलम्पिक क्वालीफिकेशन मार्क’ को हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
चौबीस साल की दुती को शुक्रवार को 26 अन्य खिलाड़ियों के साथ अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया। 2018 एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर दोनों की रजत पदकधारी का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11.22 सेकेंड का है जो उन्होंने पिछले साल हासिल किया था। दुती ने 11.32 सेकेंड के ‘क्वालीफाइंग मार्क’ को हासिल कर रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया था लेकिन इस बार यह 11.15 सेकेंड है।
दुती ने भुवनेश्वर से दूरभाष पर हुई बातचीत में कहा, ‘यह पुरस्कार सही समय पर मिला है। आपके प्रदर्शन और उपलब्धियों का सरकार द्वारा किसी भी तरह सम्मान किया जाना हमेशा खिलाड़ी के आत्मविश्वास को बढ़ाता है।’ उन्होंने कहा, ‘इससे मुझे ओलम्पिक के लिए मेरे प्रयासों को और अच्छा करने के लिए मजबूती मिलेगी और मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा। मुझे अगले साल टोक्यो में अपने दूसरे ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने और टोक्यो में बेहतर करने की उम्मीद है।’ दुती ने कहा, ‘यह मुश्किल होगा (11.15 सेकेंड का समय निकालना) लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि मैं इसे हासिल कर लूंगी। इस पुरस्कार से मेरे प्रयासों को बल मिलेगा।’ दुती कहती हैं कि मेरे खेल की जब बात आती है तो मेरा परिवार मेरी ढाल बनता है, मुझे समझता है, मेरी परेशानियों को दूर करने की कोशिश करता है लेकिन, जब निजी जिन्दगी में विश्वास और साथ की उम्मीद करती हूं तो वह कोना परिवार की ओर से ख़ाली दिखाई देता है।
रिलेटेड पोस्ट्स