जी.एल. बजाज की दीपा और साहिल का खेलों में कमाल

डा. अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट में छात्र-छात्राओं ने जमाई धाक

खेलपथ प्रतिनिधि

मथुरा। जनपद के प्रख्यात इंजीनियरिग, आर्किटेक्ट और मैनेजमेंट संस्थान जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के छात्र-छात्राएं सिर्फ शिक्षा ही नहीं अन्य गतिविधियों में भी किसी से कम नहीं हैं। गत दिवस राजा बलवंत सिंह इंजीनियरिंग टेक्निकल कैम्पस आगरा में आयोजित डा. अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट 2019-20 की खेल प्रतियोगिताओं में जी.एल. बजाज की छात्रा दीपा जीसी और छात्र साहिल कुमार ने 100 और 200 मीटर दौड़ में कमाल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल कर संस्थान को गौरवान्वित किया।

जी.एल. बजाज के खेल अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि आगरा के राजा बलवंत सिंह इंजीनियरिंग टेक्निकल कैम्पस में आयोजित डा. अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स फेस्ट 2019-20 की खेल प्रतियोगिताओं में जी.एल. बजाज के छात्र-छात्राओं ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेल स्पर्धाओं में मेडल जीतकर मथुरा जनपद को गौरवान्वित किया है। संस्थान के बी.टेक कम्प्यूटर साइंस के साहिल कुमार ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा तथा 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह संस्थान की बी.टेक द्वितीय वर्ष की छात्रा दीपा जीसी ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा तथा 200 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान हासिल किया।

गोलाफेंक स्पर्धा में बी.टेक प्रथम वर्ष के छात्र तुषार ने तीसरा तथा डिस्कस और जेवलिन थ्रो में बी.टेक ईसी तृतीय वर्ष के छात्र रवि कुमार सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों की भालाफेंक स्पर्धा में बीटेक कम्प्यूटर साइंस तृतीय वर्ष की शुभी जोशी तीसरे स्थान पर रहीं। गोलाफेंक और चेस में बी.आर्क की आसमा फारुखी को तीसरा स्थान मिला। लड़कियों की 400 मीटर दौड़ में बी.आर्क द्वितीय वर्ष की छात्रा रक्षा शुक्ला ने दूसरा स्थान हासिल किया।

आर.के. एज्यूकेशन हब के अध्यक्ष डा. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, चेयरमैन मनोज अग्रवाल तथा जी.एल. बजाज संस्थान के निदेशक डा. एल.के. त्यागी ने खेलों में शानदार सफलता पर खुशी जताते हुए विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डा. अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ ही खेलों का भी अपना महत्व है। खेलों से शरीर और मस्तिष्क दोनों स्वस्थ रहते हैं लिहाजा हर छात्र और छात्रा को प्रतिदिन खेलों में रुचि लेनी चाहिए।  

   

 

 

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स