भोपाल में हॉकी का जलसा, ग्वालियर की बेटी इशिका को मौका क्यों नहीं?
चर्चा का विषय बना दिग्गज खिलाड़ी का भारतीय टीम में शामिल नहीं होना
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एशियन महिला हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी खेली जा रही है। देश-विदेश की दिग्गज महिला हॉकी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से मध्यप्रदेश के खेलप्रेमियों को भी बड़ी उम्मीदें हैं, लेकिन इसी बीच ग्वालियर की प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी इशिका चौधरी का भारतीय टीम में शामिल नहीं होना चर्चा का विषय बन गया है।
इशिका चौधरी मध्यप्रदेश की उन खिलाड़ियों में हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। ऐसे में प्रदेश की राजधानी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनका भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होना स्वाभाविक रूप से सवाल खड़े करता है। यहां स्पष्ट करना जरूरी है कि भारतीय टीम में इशिका नाम की एक अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। वह ग्वालियर की इशिका चौधरी नहीं हैं। नाम की समानता के कारण दोनों खिलाड़ियों को लेकर भ्रम की स्थिति भी बनी। यद्यपि जापान में जीते एशियन गोल्ड मेडल में इशिका चौधरी और भिवानी की इशिका सब्बरवाल दोनों का योगदान रहा।
सवाल यह नहीं कि किसी खिलाड़ी को टीम में जगह क्यों मिली और किसी को क्यों नहीं, बल्कि सवाल यह है कि चयन का आधार क्या रहा? क्या इशिका चौधरी पर चयनकर्ताओं ने विचार किया था? यदि किया था तो उन्हें किन कारणों से टीम में जगह नहीं मिली?
मध्यप्रदेश में महिला हॉकी की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए यह जरूरी है कि खिलाड़ियों का मूल्यांकन पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो। घरेलू मैदान पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा और अवसर दोनों बननी चाहिए। मध्यप्रदेश की बेटी इशिका चौधरी को टीम में जगह क्यों नहीं मिली, इसका जवाब हॉकी चयनकर्ताओं को देना चाहिए। 20 सदस्यीय टीम में यदि वह होती तो प्रदेश की हॉकी का माहौल कुछ और होता।
