भोपाल के भाल पर हॉकी बेटियों का कमाल, खेलों के महाकुंभ से बढ़ा मध्यप्रदेश का मान

अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रंग में रंगी झीलों की नगरी, बेटियों के हुनर और हौसले को मिला बड़ा मंच

खेलपथ संवाद

भोपाल। झीलों की नगरी भोपाल इन दिनों महिला हॉकी के रोमांच और उत्साह से सराबोर है। एशियन विमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन ने मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दी है। मैदान पर एशिया की दिग्गज टीमें अपनी प्रतिभा, कौशल और दमखम दिखा रही हैं तो दर्शकों के उत्साह ने आयोजन की रौनक में चार चांद लगा दिए हैं।

भारतीय महिला हॉकी टीम की बेटियां अपने खेल, संघर्ष और जुझारूपन से देशवासियों का दिल जीत रही हैं। हॉकी का मैदान उनके लिए केवल जीत-हार का मंच नहीं, बल्कि देश की बेटियों की क्षमता, आत्मविश्वास और सपनों की उड़ान का प्रतीक बन गया है। भोपाल में आयोजित यह प्रतियोगिता नई पीढ़ी की लड़कियों को हॉकी से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा देगी।

इस शानदार आयोजन के लिए मध्यप्रदेश सरकार, खेल विभाग और आयोजन से जुड़े तमाम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साधुवाद। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी करना केवल व्यवस्थाओं का सवाल नहीं, बल्कि खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का भी परिचायक है। खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, सुविधाएं और दर्शकों को शानदार खेल वातावरण उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।

जरूरत है कि भोपाल में पैदा हुए इस खेल उत्साह को आयोजन तक सीमित न रखा जाए। प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी हॉकी की प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और आगे बढ़ाने का अभियान चले। आखिर बड़े आयोजन तभी सार्थक होंगे, जब उनसे नए खिलाड़ी निकलेंगे और खेल संस्कृति मजबूत होगी। भोपाल के भाल पर हॉकी बेटियों का यह कमाल मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। सरकार को इस सफल पहल के लिए बधाई और उम्मीद है कि प्रदेश में खेलों का यह उत्सव निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स