भारतीय ओलम्पिक संघ चुनाव का बजा बिगुल, नामांकन प्रक्रिया शुरू

पांच दिसम्बर को होगा नेतृत्व का फैसला, 13 पदों पर चुनी जाएगी नई कार्यकारिणी

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय खेलों की सर्वोच्च संस्था भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) में नए नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज 22 नवम्बर से कार्यकारिणी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शुरू हो गया है। पांच दिसम्बर को मतदान, मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव पर पूरे देश के खेल जगत की निगाहें टिकी हैं।

मुकाबला इसलिए भी दिलचस्प हो गया है क्योंकि वर्तमान अध्यक्ष पीटी ऊषा ने दोबारा अध्यक्ष पद की दौड़ में बने रहने का रास्ता बना लिया है, वहीं ओलम्पिक पदक विजेता गगन नारंग का नाम भी संभावित दावेदारों में चर्चा में है।

आईओए के निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 22 से 24 नवम्बर तक सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे के बीच नई दिल्ली स्थित ओलम्पिक भवन में व्यक्तिगत रूप से नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 24 नवम्बर को नामांकन प्राप्त उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची जारी होगी। 29 और 30 नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। एक दिसम्बर को वैध उम्मीदवारों की सूची, दो दिसम्बर को नाम वापसी और तीन दिसम्बर को अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित की जाएगी। पांच दिसम्बर को दोपहर 12 से 3 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इस चुनाव का सबसे चर्चित घटनाक्रम पीटी ऊषा की उम्मीदवारी का रास्ता फिर खुलना है। उत्कृष्ट उपलब्धि वाले खिलाड़ियों (एसओएम) के निर्वाचन में पीटी उषा महिला वर्ग में पांचवें स्थान पर रही थीं। इस कारण उन्हें उस प्रक्रिया के माध्यम से आईओए की आम सभा में जगह नहीं मिली थी। हालांकि आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने उन्हें अपना महिला प्रतिनिधि नामित किया। इस नामांकन पर उनकी पात्रता को लेकर आपत्तियां भी उठाई गईं। निर्वाचन अधिकारी ने सुनवाई और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद आपत्तियां खारिज कर उनका नाम अंतिम निर्वाचन सूची में शामिल कर लिया। इस फैसले के बाद पीटी ऊषा के लिए दोबारा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का रास्ता खुला है। हालांकि उनका नामांकन दाखिल होना और वैध प्रत्याशी घोषित होना अभी अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। इसलिए वास्तविक मुकाबले की तस्वीर नामांकन और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग का नाम भी अध्यक्ष पद के संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में है। खेल प्रशासन से जुड़े अन्य अनुभवी नामों पर भी नजर रहेगी। लेकिन अभी किसी को औपचारिक प्रत्याशी मानना जल्दबाजी होगी। तीन दिसम्बर को अंतिम उम्मीदवारों की सूची आने के बाद ही यह साफ होगा कि अध्यक्ष पद सहित अन्य पदों पर वास्तविक मुकाबला किनके बीच होगा।

71 सदस्य करेंगे नेतृत्व का फैसला

आईओए के इस चुनाव के लिए 71 सदस्यीय अंतिम निर्वाचन मंडल तैयार किया गया है। इसमें 30 राष्ट्रीय खेल महासंघों के 60 प्रतिनिधि, उत्कृष्ट उपलब्धि वाले आठ खिलाड़ी, एथलीट्स कमीशन के दो प्रतिनिधि तथा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति में भारत की सदस्य नीता अंबानी शामिल हैं।

निर्वाचन मंडल में पीटी उषा के साथ अंजू बॉबी जॉर्ज, साइना नेहवाल, रानी रामपाल, डोला बनर्जी, गगन नारंग, योगेश्वर दत्त, विजेंदर सिंह और कमलेश मेहता जैसे खेल जगत के प्रमुख नाम भी शामिल हैं। एथलीट्स कमीशन का प्रतिनिधित्व मीराबाई चानू और साजन प्रकाश कर रहे हैं।

13 पदों पर चुनी जाएगी नई कार्यकारिणी

आईओए की कार्यकारिणी में कुल 13 पदों के लिए चुनाव होना है। इनमें एक अध्यक्ष, एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव और छह कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। छह कार्यकारिणी सदस्यों में एक पुरुष और एक महिला का स्थान उत्कृष्ट उपलब्धि वाले खिलाड़ियों के लिए आरक्षित है। नामांकन के लिए उम्मीदवार को अंतिम निर्वाचन सूची में शामिल होना आवश्यक है। प्रत्येक उम्मीदवार के नाम का प्रस्ताव एक मतदाता और अनुमोदन दूसरे मतदाता द्वारा किया जाना है। दोनों का नाम अंतिम निर्वाचन सूची में होना चाहिए। नामांकन निर्धारित फॉर्म-2 में दाखिल होगा।

असली चुनौती खेल व्यवस्था में बदलाव की

भारतीय ओलंपिक संघ का यह चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। भारत आज अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर बड़ी उपलब्धियों का सपना देख रहा है। 2036 ओलंपिक की मेजबानी की आकांक्षा भी इसी दिशा का हिस्सा है। ऐसे में आईओए के नए नेतृत्व के सामने कई बड़ी जिम्मेदारियां होंगी।

राष्ट्रीय खेल महासंघों की जवाबदेही, खिलाड़ियों की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी, खेल प्रशासन में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और ओलंपिक पदक जीतने के लिए दीर्घकालिक तैयारी जैसे विषयों पर ठोस काम करना होगा। खिलाड़ियों को केवल पदक जीतने के समय सम्मानित करना पर्याप्त नहीं है, उनकी प्रशिक्षण सुविधाओं, प्रशिक्षकों, खेल विज्ञान, चिकित्सा सहायता और भविष्य की सुरक्षा पर भी ध्यान देना होगा। खेल प्रशासन में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा और गुटबाजी से ऊपर उठकर राष्ट्रीय खेल हित को प्राथमिकता देना समय की मांग है। नया नेतृत्व तभी सफल माना जाएगा जब वह भारतीय खेलों को मजबूत आधार दे और खिलाड़ियों का विश्वास अर्जित करे।

पांच दिसम्बर का चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है कि इसमें केवल आईओए का नया नेतृत्व नहीं चुना जाएगा, बल्कि भारतीय खेल प्रशासन की आगामी दिशा भी तय होगी। खेल जगत को उम्मीद करनी चाहिए कि इस बार पदों की प्रतिस्पर्धा से अधिक खेलों के विकास की प्रतिबद्धता दिखाई देगी।

रिलेटेड पोस्ट्स