भोपाल में हुआ महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का आगाज

पहले दिन शाम 4:45 बजे मलेशिया से भिड़ेगी भारतीय टीम

28 नवम्बर को गोल्ड मेडल के लिए होगी आखिरी भिड़ंत

खेलपथ संवाद

भोपाल। राजधानी भोपाल में आज से अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का रोमांच शुरू होने जा रहा है। महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 में भारत समेत छह देशों की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। 28 नवम्बर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें भी हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दर्शक बिना टिकट के देख सकेंगे। स्टेडियम में प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा।

टूर्नामेंट के पहले दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 12:15 बजे चीन और थाईलैंड के बीच पहला मैच होगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जापान और कोरिया की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत शाम 4:45 बजे मलेशिया के खिलाफ करेगी। इसी दिन शाम 6:30 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित होगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम लीग चरण में सभी पांच प्रतिद्वंद्वी देशों से मुकाबला करेगी। मलेशिया के बाद 21 नवम्बर को कोरिया, 22 नवम्बर को थाईलैंड, 24 नवम्बर को चीन और 25 नवम्बर को जापान से भिड़ंत होगी। पहले मुकाबले का समय शाम 4:45 बजे रखा गया है, जबकि भारत के बाकी चार लीग मैच शाम 7 बजे खेले जाएंगे।

वर्ल्ड रैंकिंग में चीन सबसे आगे

प्रतियोगिता में शामिल टीमों की विश्व रैंकिंग पर नजर डालें तो चीन चौथे स्थान के साथ सबसे मजबूत टीम है। भारतीय टीम सातवें स्थान पर है। जापान 11वें, कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। वहीं, एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे नम्बर पर है। ऐसे में घरेलू मैदान पर भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

27 नवम्बर को पोजीशन मुकाबले, 28 को फाइनल

लीग चरण के मैच 25 नवम्बर को समाप्त होंगे। इसके बाद 27 नवम्बर को टीमों की रैंकिंग के आधार पर तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीमें भिड़ेंगी। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीमों के बीच तथा शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा।

10 दिन तक भोपाल में दिखेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच

28 नवम्बर को टूर्नामेंट के आखिरी दिन शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल और शाम 7 बजे गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा। इसी के साथ चैंपियनशिप का समापन होगा। एफआईएच से अनुमोदित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के जरिए भोपाल को एक बार फिर बड़े हॉकी आयोजन की मेजबानी का मौका मिला है। भोपाल में इससे पहले 2009 में वर्ल्ड सीरीज हॉकी का आयोजन हुआ था। हालांकि, महिला हॉकी का यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन बताया जा रहा है। शहर के ऐशबाग स्टेडियम में इससे पहले कई वर्षों तक पुरुष हॉकी के राष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित होते रहे हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स