राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैम्पियनशिप में महाराष्ट्र ओवरऑल चैम्पियन

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बढ़ाया दिव्यांग तैराकों का हौसला

खेलपथ संवाद

भोपाल। राजधानी भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैम्पियनशिप में महाराष्ट्र के तैराकों का जलवा रहा। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया और मास्टर खेमचंद डबास ट्रॉफी हासिल की। महाराष्ट्र की पैरा तैराक जिया राय ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर बटरफ्लाई और 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में स्वर्ण पदक जीते। उन्हें प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ महिला तैराक के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समापन समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ-साथ उनके संघर्ष, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति की प्रतिभा, सपनों और उपलब्धियों के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं।

26 राज्यों के 405 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

12 से 15 नवम्बर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों और सर्विसेज की टीमों के लगभग 405 पैरा तैराकों ने भाग लिया। इनमें 106 महिला और 299 पुरुष खिलाड़ी शामिल थे। प्रतियोगिता में 14 श्रेणियों के अंतर्गत लगभग 260 मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई और व्यक्तिगत मेडले सहित विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया वहीं ओडिशा की टीम ने भी 50 पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धियों में से एक दर्ज की।

समापन समारोह में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर एवं आईसेक्ट समूह की निदेशक डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स भी उपस्थित रहीं। समारोह में पदक वितरण के साथ खिलाड़ियों की उपलब्धियों और उनके खेल के प्रति समर्पण को सराहा गया। यह चैम्पियनशिप केवल पदकों और रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर भी प्रदान किया।

भोपाल में इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी से मध्यप्रदेश में पैरा खेलों को प्रोत्साहन देने और समावेशी खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। प्रतियोगिता का आयोजन पैरालम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में किया गया, जबकि मेजबानी की जिम्मेदारी पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश ने निभाई। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय तथा मध्यप्रदेश टूरिज्म भी आयोजन से जुड़े रहे।  समापन समारोह ने यह संदेश दिया कि खेल के मैदान में जीत केवल पदक हासिल करना नहीं, बल्कि चुनौतियों को पार कर अपने सपनों को साकार करना भी है। देशभर से आए पैरा तैराकों का उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।

रिलेटेड पोस्ट्स