राज्यस्तरीय बालिका हॉकी प्रतियोगिता में हरिद्वार का जलवा

पौड़ी टीम को 2-1 से हराकर जीता खिताब, लूटी वाहवाही

खेलपथ संवाद

टनकपुर (चंपावत)। स्वर्गीय कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय माध्यमिक विद्यालय बालिका हॉकी प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में हरिद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने पौड़ी की टीम को 2-1 गोल से हराकर चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता की शुरुआत से ही हरिद्वार की बालिका खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल, दमदार तालमेल और शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। हरिद्वार की टीम ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखते हुए पहले मुकाबले में देहरादून को 7-0 गोल से पराजित किया। इसके बाद दूसरे मैच में अल्मोड़ा की टीम को 10-0 गोल से करारी शिकस्त दी।

सेमीफाइनल मुकाबले में हरिद्वार का सामना नैनीताल की टीम से हुआ। इस मैच में भी हरिद्वार की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नैनीताल को 5-0 गोल से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

फाइनल मुकाबले में हरिद्वार और पौड़ी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन हरिद्वार की खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए पौड़ी को 2-1 गोल से शिकस्त दी और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

जिला खेल समन्वयक गजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हरिद्वार की इस शानदार उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी संजीव जोशी एवं मुख्य माध्यमिक शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने पूरी टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कप्तान रिया सहित शारदा, दिया, करीना, काजल भंडारी, खुशी, नेहा बगड़वाल, सिमरन, कृतिका, आस्था पांगती, प्रियांशी, भावना नेगी, भावना, गुनगुन कटारिया, मीनाक्षी, गुंजन कटारिया (गोलकीपर) एवं सोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम कोच मनमोहन डबराल एवं मैनेजर रवि कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह शानदार सफलता हासिल की। हरिद्वार की इस जीत से जिले में खुशी की लहर है।

रिलेटेड पोस्ट्स