भोपाल में सजेगा महिला हॉकी का एशियाई महाकुंभ
19 से 28 नवम्बर तक होगी हीरो एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी
मध्य प्रदेश सरकार और हॉकी इंडिया के बीच हुआ एमओयू
खेलपथ संवाद
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी के नक्शे पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है। मध्य प्रदेश सरकार और हॉकी इंडिया के बीच हीरो महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 की मेजबानी को लेकर आधिकारिक समझौता (एमओयू) हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 19 से 28 नवम्बर तक भोपाल में आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
इस आयोजन को मध्य प्रदेश में महिला हॉकी के विकास, खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने और प्रदेश में हॉकी के प्रति नई पीढ़ी का आकर्षण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस आयोजन को प्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल पहचान मजबूत करने का अवसर बताया है। उनका जोर भोपाल में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन पर है। उन्होंने इससे पहले कहा है कि भोपाल में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश को बड़े खेल आयोजनों का नया मंच मिलेगा।
समझौता हस्ताक्षर समारोह में मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल विभाग के सचिव संजीव सिंह, अपर सचिव अजय श्रीवास्तव, खेल संचालक चंचल शेखर, एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष तथा तमिलनाडु हॉकी यूनिट के अध्यक्ष शेखर जे. मनोहरन और हॉकी इंडिया के महानिदेशक कमांडर आर.के. श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
भोपाल में इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश की महिला हॉकी प्रतिभाओं के लिए भी उत्साहवर्धक होगा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपने बीच खेलते देखने और उनके प्रदर्शन से सीखने का अवसर युवा खिलाड़ियों को मिलेगा। मध्य प्रदेश में महिला हॉकी की मजबूत परम्परा रही है। ऐसे में यह आयोजन प्रदेश की हॉकी अकादमियों और उभरती खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बन सकता है। मध्य प्रदेश सरकार और हॉकी इंडिया के बीच हुआ यह समझौता भोपाल को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के एक महत्वपूर्ण आयोजन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम है।
