सस्मिता राय पंजाब योगासन प्रतियोगिता की होंगी निर्णायक
योगासन खेल की तकनीकी बारीकियों और प्रतियोगिता के मानकों का करेंगी मूल्यांकन
खेलपथ संवाद
अमृतसर। योगासन खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय निर्णायक के रूप में पहचान बना चुकीं सस्मिता राय को पंजाब में आयोजित होने वाली योगासन प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया गया है। उनकी उपस्थिति को प्रतियोगिता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
योग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन, पंजाब के महासचिव संजय कुमार की ओर से जारी आमंत्रण में सस्मिता राय को निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनके अनुभव और तकनीकी ज्ञान से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को योगासन की बारीकियों, तकनीकी पक्ष तथा निर्णयन से जुड़े निर्धारित मानकों को समझने का अवसर मिलेगा।
यह आयोजन योगासन खेल को व्यापक पहचान दिलाने तथा देश में योग आधारित खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सस्मिता राय की अंतरराष्ट्रीय निर्णायक के रूप में सहभागिता से प्रतियोगिता के तकनीकी मूल्यांकन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
