मथुरा की तीरंदाज बेटियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गाड़े सफलता के झंडे

सब जूनियर खिलाड़ियों ने जूनियर वर्ग की दिग्गज तीरंदाजों को दी चुनौती

तीन साल बाद कंपाउंड वर्ग में उत्तर प्रदेश को मिला राष्ट्रीय पदक

खेलपथ संवाद

मथुरा। प्रतिभा, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता हो तो उम्र भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। मथुरा की तीन होनहार बेटियों ने इसे साबित करते हुए जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में तीन कांस्य पदक जीतकर जिले और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। ऋतु शर्मा, वरेण्या राणा और निष्ठा गुप्ता ने सब जूनियर वर्ग की खिलाड़ी होते हुए जूनियर वर्ग की अनुभवी और दिग्गज तीरंदाजों को कड़ी चुनौती दी और अपनी प्रतिभा का राष्ट्रीय स्तर पर लोहा मनवाया।

21 से 28 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में मथुरा तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अकादमी के कोच योगेंद्र सिंह राणा ने बताया कि उत्तर प्रदेश की चार सदस्यीय टीम में मथुरा जिले की तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ था। टीम ने कंपाउंड वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में मेजबान राजस्थान को पराजित कर पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश को तीन साल बाद इस वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल हुआ।

प्रतियोगिता में अकादमी की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज निष्ठा गुप्ता ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने रैंकिंग राउंड और एलिमिनेशन राउंड में दो कांस्य पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं, टीम स्पर्धा में ऋतु शर्मा, वरेण्या राणा और निष्ठा गुप्ता की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीतकर उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया।

इन खिलाड़ियों की सफलता का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि ऋतु शर्मा और निष्ठा गुप्ता ने केंद्र सरकार की ओर से लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य के तीरंदाजी उपकरण प्राप्त करने के लिए निर्धारित क्वालिफाइंग मानक भी हासिल कर लिए हैं। इससे उन्हें उच्चस्तरीय अभ्यास और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

तीन कांस्य पदकों के साथ मथुरा लौटीं इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का तीरंदाजी अकादमी में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष रामबाबू शर्मा, अकादमी अध्यक्ष नंदकिशोर, भाजपा महानगर महामंत्री ज्ञानेंद्र सिंह राणा सहित अकादमी के साथी खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। मथुरा की इन बेटियों ने अपनी उपलब्धि से यह संदेश दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाओं में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकने का पूरा सामर्थ्य है। जरूरत है तो उन्हें सही प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन देने की।

रिलेटेड पोस्ट्स