अंशकालिक शारीरिक शिक्षकों, योगाचार्यों की पीड़ा कौन सुनेगा?

बिहार में अल्प मानदेय, उसके बाद भी समय से नहीं होता भुगतान

खेलपथ संवाद

पटना। बिहार के योग प्रशिक्षकों और अंशकालिक शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की स्थिति पर 'एक तो करेला, ऊपर से नीम चढ़ा' वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। पहले से ही बेहद कम मानदेय पर सेवाएं दे रहे इन शिक्षकों को अधिकांश जिलों में कथित तौर पर कई महीनों से भुगतान नहीं मिला है।

विडम्बना देखिए, जो शिक्षक बच्चों को स्वस्थ और तनावमुक्त रहने की सीख देते हैं, आज वे स्वयं आर्थिक तनाव से जूझ रहे हैं। घर का किराया, बच्चों की फीस, बुजुर्गों की दवाइयां और रसोई का खर्च आखिर कैसे चले? क्या इन शिक्षकों के परिवारों की जरूरतें नहीं हैं?

कम मानदेय अपने आप में पीड़ा है, लेकिन उसका महीनों तक भुगतान न होना शिक्षक के स्वाभिमान पर चोट है। बिहार सरकार को चाहिए कि लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करे और भविष्य में समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था बनाए। सवाल सिर्फ वेतन का नहीं, शिक्षक के सम्मान और उसके परिवार की रोटी का है। आखिर दूसरों का भविष्य संवारने वाले अपने बच्चों का भविष्य कैसे संवारें?

रिलेटेड पोस्ट्स