वायुसेना स्टेशन अवाडी ने हावरंग अकादमी के खिलाड़ियों को किया सम्मानित
तमिलनाडु राज्य ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में 47 पदक जीतकर चमके खिलाड़ी
डॉ. अशोक कुमार लेंका की तुलना महाभारत के गुरु द्रोणाचार्य से की
खेलपथ संवाद
अवाडी (चेन्नई)। भारतीय वायुसेना स्टेशन अवाडी में एयर फोर्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (एएफएफडब्ल्यूए) की स्थानीय इकाई द्वारा हावरंग अकादमी के ताइक्वांडो खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। जी.आर. प्रसाद हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों की सफलता को सराहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में एयर कमोडोर प्रदीप शर्मा, वीएसएम, एयर ऑफिसर कमांडिंग, 23 इक्विपमेंट डिपो, भारतीय वायुसेना, अवाडी तथा एएफएफडब्ल्यूए की स्थानीय इकाई की अध्यक्ष ग्रुप कैप्टन रचना शर्मा (सेवानिवृत्त) उपस्थित रहीं।
एयर कमोडोर प्रदीप शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए हावरंग अकादमी के संस्थापक एवं मुख्य प्रशिक्षक मास्टर डॉ. अशोक कुमार लेंका की तुलना महाभारत के गुरु द्रोणाचार्य से की। उन्होंने कहा कि खेलों का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि अनुशासन, चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने बच्चों को ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के सिद्धांत को जीवन में अपनाने तथा नशीले पदार्थों और हानिकारक आदतों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।
हावरंग अकादमी के संस्थापक मास्टर डॉ. अशोक कुमार लेंका ने अकादमी की यात्रा, उपलब्धियों और खेल एवं युवा विकास में उसके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अकादमी का एएफएफडब्ल्यूए के साथ 37 वर्षों से जुड़ाव है, जबकि भारतीय वायुसेना स्टेशन अवाडी में वह पिछले 17 वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रही है। उन्होंने भारतीय वायुसेना, एयर कमोडोर प्रदीप शर्मा और एएफएफडब्ल्यूए की अध्यक्ष ग्रुप कैप्टन रचना शर्मा के सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अकादमी वायुसेना परिवारों के बच्चों में शारीरिक फिटनेस, आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मां शक्ति पर आधारित ताइक्वांडो प्रदर्शन ने मोहा मन
समारोह का विशेष आकर्षण अकादमी के 20 बच्चों की मां शक्ति पर आधारित ताइक्वांडो प्रस्तुति रही। इसमें मां सरस्वती, मां लक्ष्मी, मां दुर्गा और मां काली के स्वरूपों के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। भारतीय संस्कृति, पौराणिक प्रसंगों और मार्शल आर्ट के समन्वय से तैयार इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। इसका निर्देशन मास्टर कलिंग कुमार लेंका, चौथी डैन ब्लैक बेल्ट एवं फिल्म निर्देशक ने किया। सहायक निर्देशन में मास्टर आर्यन कुमार लेंका, शताक्षी और हर्षिणी ने योगदान दिया।
राज्य चैम्पियनशिप में 47 पदक, दो खिलाड़ियों को विशेष सम्मान
वर्ष 2026 की तमिलनाडु राज्य ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में हावरंग अकादमी के 46 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 47 पदक जीते। इनमें 23 स्वर्ण, 12 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। मास्टर के. लोकाप्रदीप को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा मिस डी. मृदुला को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया। दोनों खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इसके अतिरिक्त, चेन्नई जिला चैंपियनशिप में अकादमी को चैंपियन क्लब का सम्मान भी मिला।
पैरा-ताइक्वांडो में भी खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
हावरंग अकादमी के खिलाड़ियों ने पैरा-ताइक्वांडो और वर्चुअल ताइक्वांडो स्पर्धाओं में भी पदक हासिल किए। विशाल ने पी-23 पैरा-ताइक्वांडो पूमसे श्रेणी में और प्रदीप ने पी-50 व्हीलचेयर पूमसे श्रेणी में भाग लेकर सराहनीय प्रदर्शन किया। ये उपलब्धियां दिव्यांग खिलाड़ियों को अवसर देने और खेलों को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में अकादमी के प्रयासों को रेखांकित करती हैं। अकादमी के 30 खिलाड़ियों का आगामी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए चयन भी हुआ है, जो संस्थान की प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे खिलाड़ी
प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी अकादमी ने उल्लेखनीय प्रगति की है। मास्टर डॉ. अशोक कुमार लेंका ने वर्ल्ड ताइक्वांडो लेवल-1 कोचिंग योग्यता के अंतर्गत क्योरुगी, पूमसे, पैरा-क्योरुगी और पैरा-पूमसे में प्रशिक्षण योग्यता हासिल की है। वह नवंबर 2026 में पुणे में आयोजित होने वाली जी-1 अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कोच के रूप में करेंगे। वहीं, मास्टर आर्यन कुमार लेंका, चौथी डैन ब्लैक बेल्ट, ने पटियाला स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में छह सप्ताह का भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का खेल कोचिंग प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया है।
समारोह के दौरान एयर कमोडोर प्रदीप शर्मा ने पुणे में होने वाली जी-1 अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप की टी-शर्ट का अनावरण किया। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे मास्टर आर्यन कुमार लेंका, मिस पी. हर्षिणी और मास्टर के. लोकाप्रदीप को टी-शर्ट प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। समारोह ने खेल उत्कृष्टता, भारतीय सांस्कृतिक विरासत, समावेशिता और भारतीय वायुसेना परिवार के साथ हवरंग अकादमी के दीर्घकालीन संबंधों को रेखांकित किया। अकादमी का आदर्श वाक्य है—‘प्रवेश करें सीखने के लिए, प्रस्थान करें सेवा करने के लिए।’ संस्थान का उद्देश्य केवल पदक विजेता तैयार करना नहीं, बल्कि अनुशासित, आत्मविश्वासी और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण करना भी है।
हावरंग अकादमी का संदेश है- ‘वायुसेना परिवार, अनुशासन के माध्यम से स्वस्थ जीवन!’
