रजतवीर रामरतन सिंह जादौन के स्वागत में ब्रज ने बिछाए पलक-पांवड़े
एशियाई पैरा खेलों की डिस्कस थ्रो में रजत जीतकर लौटा नरी का लाल
कोटवन बॉर्डर से छाता तक जगह-जगह फूल-मालाओं और जयकारों से अभिनंदन
खेलपथ संवाद
मथुरा। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का गौरव बढ़ाकर लौटे ब्रज के पैरा एथलीट रामरतन सिंह जादौन के स्वागत में क्षेत्रवासियों ने पलक-पांवड़े बिछा दिए। जापान में आयोजित एशियाई पैरा खेलों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले नरी गांव के इस खिलाड़ी का कोटवन बॉर्डर से छाता तक जगह-जगह अभिनंदन हुआ। फूल-मालाओं और भारत माता के जयकारों के बीच लोगों ने अपने पदक विजेता खिलाड़ी की सफलता का उत्सव मनाया।
राम रतन ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो एफ51/52/53 स्पर्धा में 10.35 मीटर डिस्कस फेंककर रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बधाई देते हुए उनके प्रयासों और दृढ़ संकल्प की सराहना की। स्वदेश वापसी पर दिल्ली एयरपोर्ट पर भी रामरतन और अन्य पदक विजेताओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन मथुरा की सचिव कुसुम लता तथा मथुरा एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट किए और मथुरा का प्रसिद्ध पेड़ा खिलाकर जीत की खुशी साझा की।
ब्रज पहुंचने पर कोसी-कोटवन बॉर्डर पर मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने राम रतन को फूल-मालाएं पहनाईं। उनकी उपलब्धि की खुशी में रोड शो भी निकाला गया। अपने बीच अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी को पाकर खेलप्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। नरी गांव में परिजनों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनका अभिनंदन किया। जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सुनीता पाठक सहित संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। स्वागत के दौरान रामरतन ने क्षेत्रवासियों के स्नेह के प्रति आभार जताया और युवाओं को मेहनत तथा मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
