कबड्डी प्रतियोगिता में मिल्खा सिंह अकादमी ने मारी बाजी
फाइनल में ओम बाबोसा अमन स्पोर्ट्स अकादमी को 25-20 से हराया, वंदना कटारिया स्टेडियम तीसरे स्थान पर
खेलपथ संवाद
झबरेड़ा (हरिद्वार)। एनएस पब्लिक स्कूल, झबरेड़ा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में मिल्खा सिंह अकादमी ने ओम बाबोसा अमन स्पोर्ट्स अकादमी को 25-20 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में ओम बाबोसा अमन स्पोर्ट्स अकादमी उपविजेता रही, जबकि वंदना कटारिया स्टेडियम की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में वंदना कटारिया स्टेडियम, मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी, एनएस पब्लिक स्कूल और ओम बाबोसा अमन स्पोर्ट्स अकादमी की टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य बिजौली कमलेश देवी और समाजसेवी लोकेश कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। एनएस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. बलिंदर कुमार और प्रधानाचार्य डॉ. सपना रानी ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला वंदना कटारिया स्टेडियम और मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मिल्खा सिंह अकादमी ने 48-45 से जीत दर्ज की। इसके बाद फाइनल में भी टीम ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ओम बाबोसा अमन स्पोर्ट्स अकादमी को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रतिभावान कबड्डी खिलाड़ी रिया, मुस्कान, शिवानी, रितिका और गुंजन को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कबड्डी प्रशिक्षक मनजीत चौधरी, गौरव चौधरी, रोहित चौधरी तथा युवा कल्याण विभाग, नारसन के व्यायाम प्रशिक्षक पुलकित लोहान भी उपस्थित रहे।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रियांशु, कल्पना, प्रवीण, पारुल, अभिषेक, मोहम्मद गुफरान, अरशद और आलोक द्विवेदी सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा। अंत में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. बलिंदर कुमार ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
