राज्यस्तरीय बालिका कबड्डी में हरिद्वार का दबदबा, अंडर-19 में जीता स्वर्ण
अंडर-17 में उपविजेता रहा हरिद्वार, उधम सिंह नगर और चमोली ने भी मारी बाजी
खेलपथ संवाद
पुरोला (उत्तरकाशी)। माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तराखंड की ओर से पुरोला के कमल नदी स्थित खेल मैदान में 13 से 15 अक्टूबर तक आयोजित 24वीं राज्य स्तरीय बालिका माध्यमिक विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में हरिद्वार जिले की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया। हरिद्वार की टीम अंडर-19 वर्ग में विजेता और अंडर-17 वर्ग में उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग के फाइनल में हरिद्वार ने देहरादून को 31-23 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में उधम सिंह नगर की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं, अंडर-17 वर्ग का फाइनल बेहद रोमांचक रहा, जिसमें उधम सिंह नगर ने हरिद्वार को 16-15 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। देहरादून की टीम तीसरे स्थान पर रही। अंडर-14 वर्ग में चमोली की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए देहरादून को 26-18 से पराजित कर विजेता का खिताब जीता।
प्रतियोगिता का उद्घाटन पुरोला विधायक दुर्गेश लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान और नगर भाजपा अध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने किया। समापन समारोह में नगर पालिका परिषद, पुरोला के अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। हरिद्वार की इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद्र और मुख्य शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला ने जिला खेल समन्वयक गजेंद्र सिंह, टीम मैनेजर एवं प्रशिक्षकों प्रीति सैनी, सुनीता देवी और गुलाब सिंह सहित विजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
