खेलों से होगा राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण, समर्थ युवा शक्ति का संकल्प

क्रीड़ा भारती खेल संवाद में खेल प्रतिभाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर

खेलपथ संवाद

पटना। बिहार विधान परिषद, पटना के सभागार में क्रीड़ा भारती, पटना महानगर द्वारा आयोजित ‘क्रीड़ा भारती खेल संवाद’ में बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी शामिल हुए। इस संवाद में खेलों को प्रोत्साहन देने, उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चरित्र, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने या प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। आज आवश्यकता है कि खेलों को शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सके।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें उचित अवसर, आधुनिक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना जरूरी बताया। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने खेल विकास की प्रक्रिया में समाज के विभिन्न वर्गों, शिक्षण संस्थानों, प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों, अभिभावकों और खेल संगठनों की सक्रिय सहभागिता की जरूरत भी बताई।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्रीड़ा भारती के साथ मिलकर खेलों को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में सामूहिक प्रयास समय की आवश्यकता है। जब समाज खेलों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझेगा और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होगा, तभी खेल संस्कृति का व्यापक विस्तार सम्भव हो सकेगा।

खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित, आत्मनिर्भर और समर्थ युवा शक्ति का निर्माण करना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसके लिए सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक संगठनों और खेल जगत से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। सामूहिक संकल्प और निरंतर प्रयासों से ही खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देते हुए राष्ट्र निर्माण में खेलों की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

रिलेटेड पोस्ट्स