मेरठ की बेटी पारुल चौधरी की रफ्तार को एशिया का सलाम

उत्तर प्रदेश की बेटी ने दो एशियाई खेलों में दो-दो पदक जीते

डालचंद गौतम

मेरठ। जापान में चल रहे एशियाई खेलों में भारत की बेटियां लगातार तिरंगे की शान बढ़ा रही हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के मेरठ की बेटी पारुल चौधरी का नाम विशेष चमक के साथ सामने आया है। पारुल ने एक बार फिर साबित किया है कि मेहनत, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो छोटे कदम भी बड़ी मंजिल तक पहुंचते हैं।

पारुल ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में 15 मिनट 14.61 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इससे पहले वह 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इस स्पर्धा में उन्होंने 9 मिनट 08.67 सेकंड का समय निकालकर अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया।

पारुल की उपलब्धि इसलिए और खास है क्योंकि वह लगातार दूसरे एशियाई खेलों में दो पदक जीतने वाली भारतीय महिला एथलीट बनी हैं। 2023 के हांगझोऊ एशियाई खेलों में उन्होंने 5000 मीटर में स्वर्ण पदक जीता था। जापान में उसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने एशियाई मंच पर अपनी निरंतरता कायम रखी।

नंगे पैर दौड़ने से एशियाई मंच तक  

पारुल की कहानी केवल पदकों की कहानी नहीं है। यह उस जिद और संघर्ष की कहानी है, जिसमें एक लड़की ने स्कूल के दिनों में नंगे पैर दौड़ते हुए अपने सपनों को आकार दिया। उन्होंने शुरुआत 800 मीटर से की और आगे चलकर 1500, 3000, 5000 मीटर तथा स्टीपलचेज जैसी स्पर्धाओं में अपनी पहचान बनाई। यही वह बिंदु है जहां पारुल केवल एक सफल खिलाड़ी नहीं, बल्कि देश की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन जाती हैं जिनके पास संसाधन सीमित हो सकते हैं, लेकिन सपने बड़े हैं।

पारुल की खासियत केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि बड़ी प्रतियोगिताओं में लगातार अपना स्तर ऊंचा करना है। 3000 मीटर स्टीपलचेज में उन्होंने इस एशियाई खेल में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड ही सुधार दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी उनके इस प्रदर्शन और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय की सराहना की है। पारुल ने 2024 पेरिस ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स में लगातार भारत की चुनौती मजबूत कर रही हैं।

पारुल चौधरी की सफलता मेरठ के लिए गर्व का विषय है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मिट्टी ने एक और ऐसी बेटी दी है जिसने अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स के कठिनतम मंचों में भारत का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता यह संदेश भी देती है कि खेल प्रतिभा केवल बड़े शहरों की मोहताज नहीं होती। प्रतिभा गांव-कस्बों और सामान्य परिवारों में भी जन्म लेती है। जरूरत है तो उसे पहचानने, प्रशिक्षित करने और उचित अवसर देने की। पारुल के दो पदक पदक हमें यह भी याद दिलाते हैं कि किसी खिलाड़ी की यात्रा केवल पदक के दिन नहीं बनती। उसके पीछे वर्षों की मेहनत, परिवार का विश्वास, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और खेल व्यवस्था का सहयोग होता है।

पारुल की उपलब्धि को केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत सफलता मानकर आगे बढ़ जाना पर्याप्त नहीं होगा। ऐसी उपलब्धियां हमें यह सोचने का अवसर देती हैं कि देश के स्कूलों, खेल मैदानों और प्रशिक्षण केंद्रों में कितनी पारुल छिपी हुई हैं। यदि विद्यालय स्तर पर शारीरिक शिक्षा मजबूत हो, प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक और प्रशिक्षक उपलब्ध हों तथा प्रतिभाओं को समय पर उचित प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का अवसर मिले, तो देश की पदक क्षमता और व्यापक हो सकती है।

पारुल चौधरी की दौड़ अभी थमी नहीं है। मेरठ की इस बेटी ने जापान की धरती पर दो बार पोडियम पर पहुंचकर तिरंगे को सम्मान दिया है। अब उनकी उपलब्धि केवल पदकों में नहीं, बल्कि उन हजारों बेटियों की आंखों में दिखाई देनी चाहिए जो किसी मैदान पर दौड़ते हुए अपने भविष्य का सपना देख रही हैं। पारुल दौड़ रही हैं- और उनके साथ भारतीय खेलों की नई उम्मीद भी दौड़ रही है। खेलपथ–शब्द सहयात्री की ओर से मेरठ की बेटी पारुल चौधरी को हार्दिक बधाई।

रिलेटेड पोस्ट्स