सोलन की बेटी ज्योति ठाकुर ने एशियाई खेलों में जीता स्वर्ण पदक

ज्योति ने महज चार वर्ष की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया था

खेलपथ संवाद

सोलन। एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर सोलन जिले की बेटी ज्योति ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ज्योति की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव जखेड़ सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

कंडाघाट उपमंडल के जखेड़ गांव की रहने वाली ज्योति ठाकुर का एशियाई खेलों में यह लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले वर्ष 2022 में चीन के हांगझोउ में आयोजित एशियाई खेलों में भी वह भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा रही थीं और टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।

ज्योति ने महज चार वर्ष की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया था। उन्होंने कंडाघाट के सरकारी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा हासिल करने के बाद सोलन के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से 12वीं तक पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण के धर्मशाला स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लिया।

ज्योति के पिता सुरेश ठाकुर भी पूर्व कबड्डी खिलाड़ी रहे हैं, जबकि माता अनीता ठाकुर गृहिणी हैं। उनकी दो बड़ी बहनें अर्चना और कविता भी कबड्डी खिलाड़ी रही हैं और वर्तमान में वन विभाग में सेवाएं दे रही हैं। सुरेश ठाकुर ने बताया कि परिवार ने ज्योति से फाइनल मुकाबले का समय जाना और पूरा परिवार टीवी के सामने बैठकर मैच देखता रहा। ज्योति की सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। परिवार को अब उनकी वापसी का इंतजार है। उनकी उपलब्धि हिमाचल की युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी है।

रिलेटेड पोस्ट्स