शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों ने पूर्णकालिक करने की मांग उठाई

भागलपुर में हुई मंत्रणा, कहा- अंशकालिक नाम, निभाता हूं  पूरी जिम्मेदारी

खेलपथ-शब्द सहयात्री

भागलपुर। विद्यालयों में बच्चों को स्वस्थ, अनुशासित और खेलों के प्रति जागरूक बनाने की जिम्मेदारी निभाने वाले शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों ने अब अपने अधिकार और सम्मान के लिए आवाज बुलंद की है। सोमवार को सैनडिस्क कंपाउंड स्थित योग स्थल पर भागलपुर जिला शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अनुदेशकों की विभिन्न समस्याओं, अधिकारों और आगामी संघर्ष की रणनीति पर गंभीर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अभय मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक केवल बच्चों को खेल खिलाने तक सीमित नहीं हैं। वे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विद्यालय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक होने वाली खेल गतिविधियों में इनकी जिम्मेदारी लगातार बढ़ रही है।

अभय मिश्रा ने कहा कि जब जिम्मेदारियां पूरी तरह विद्यालय और विद्यार्थियों की हैं तो दर्जा अंशकालिक क्यों? उन्होंने कहा कि अनुदेशकों को कागजों पर भले ही अंशकालिक कर्मचारी माना जाता है, लेकिन व्यवहार में उनसे पूरे दिन की जिम्मेदारियां निभाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित एसजीएफआई सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अनुदेशकों की ड्यूटी लगाई जाती है। वे विद्यार्थियों को प्रखंड से जिला, जिला से राज्य और राज्य से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक लेकर जाते हैं। खिलाड़ियों की तैयारी, प्रतियोगिता में सहभागिता और उनकी देखभाल जैसी जिम्मेदारियों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

बैठक में संघ ने सरकार से मांग की कि शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की कार्य-भूमिका और जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्हें पूर्णकालिक दर्जा दिया जाए। संगठन का कहना है कि पूर्णकालिक दर्जा मिलने से अनुदेशकों को उनके योगदान के अनुरूप सम्मान, अधिकार और कार्य की स्पष्टता मिल सकेगी।

बैठक में इस बात पर भी चिंता व्यक्त की गई कि जो शिक्षक और अनुदेशक बच्चों को स्वस्थ रखने तथा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अपना समय और ऊर्जा लगा रहे हैं, उनकी अपनी सेवा-सुरक्षा और भविष्य को लेकर लंबे समय से सवाल बने हुए हैं।

पदाधिकारियों और सदस्यों ने मांग पूरी होने तक लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से संघर्ष जारी रखने की रणनीति पर विचार किया। जिला अध्यक्ष अभय मिश्रा ने सभी सदस्यों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिकार की आवाज तभी प्रभावी होगी, जब संगठन मजबूती से एक साथ खड़ा होगा। इन अनुदेशकों की मांग केवल अपने अधिकारों की नहीं, बल्कि उन हजारों बच्चों के बेहतर भविष्य की भी है, जिनके हाथों में खेल का सपना और स्वस्थ जीवन की उम्मीद है।

रिलेटेड पोस्ट्स