सम्राट जी! स्वस्थ राष्ट्र बनाने वालों का वर्तमान भी स्वस्थ और सुरक्षित होना चाहिए

बिहार में माननीयों की सुविधाएं बढ़ीं, जमीनी खेल योद्धाओं का संघर्ष जारी

खेलपथ-शब्द सहयात्री

पटना। बिहार में 23 सितम्बर को मंत्री, राज्य मंत्री तथा उपमंत्री स्तर के पदाधिकारियों से जुड़ी सुविधाओं और भत्तों में बढ़ोतरी का निर्णय सामने आया। दूसरी ओर प्रदेश के विद्यालयों में बच्चों को स्वस्थ रखने और खेल से जोड़ने वाले अंशकालिक शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक तथा योग प्रशिक्षक आज भी सीमित मानदेय और अनिश्चित भविष्य के बीच अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यह विरोधाभास केवल वेतन का नहीं, बल्कि हमारी प्राथमिकताओं का सवाल है।

एक ओर व्यवस्था में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों की सुविधाओं में वृद्धि होती है, दूसरी ओर वे लोग हैं जो विद्यालयों में बच्चों को शारीरिक रूप से सक्रिय, अनुशासित और स्वस्थ बनाने का काम कर रहे हैं। उनसे स्वस्थ बिहार और स्वस्थ राष्ट्र की अपेक्षा तो की जाती है, लेकिन उनके अपने भविष्य की सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान कब दिया जाएगा?

शारीरिक शिक्षा केवल खेल का विषय नहीं है। यह बच्चे के स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और मानसिक संतुलन से जुड़ी शिक्षा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति भी बच्चों के समग्र विकास में शारीरिक शिक्षा और योग के महत्व को रेखांकित करती है। ऐसे में सवाल यह है कि जिन लोगों को विद्यालयों में इस सोच को जमीन पर उतारना है, उनके श्रम का सम्मान कब होगा?

बिहार में शिक्षक बहाली के हालिया आंकड़े भी शारीरिक शिक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। 32,388 पदों वाली शिक्षक बहाली में कक्षा 9-10 के लिए शारीरिक शिक्षा के केवल 47 पद सामने आए। जबकि प्रदेश के अधिकांश विद्यालयों में नियमित शारीरिक शिक्षक की जरूरत बनी हुई है, तब इतने कम पदों से स्वस्थ बिहार का सपना कैसे पूरा होगा?

खेलपथ का सवाल किसी व्यक्ति या सरकार के विरोध का नहीं है। सवाल व्यवस्था की प्राथमिकता का है। जो बच्चों को स्वस्थ भविष्य दे रहे हैं, उन्हें भी सम्मानजनक वर्तमान मिलना चाहिए। अंशकालिक शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों और योग प्रशिक्षकों के लिए सम्मानजनक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा तथा भविष्य की स्पष्ट व्यवस्था पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। साथ ही बिहार के प्रत्येक विद्यालय में शारीरिक शिक्षा की वास्तविक स्थिति, रिक्त पदों और उपलब्ध प्रशिक्षकों का पारदर्शी आंकड़ा सामने आना चाहिए। क्योंकि स्वस्थ बिहार केवल भाषणों से नहीं बनेगा।

सम्राट जी बिहार को स्वस्थ राज्य बनाना है तो इसके लिए विद्यालयों में मैदान चाहिए, प्रशिक्षित शिक्षक चाहिए और उन शिक्षकों के सम्मानजनक जीवन की चिंता भी करनी होगी। माननीयों की सुविधाएं बढ़ना व्यवस्था का अधिकार हो सकता है, लेकिन बच्चों को स्वस्थ बनाने वाले जमीनी खेल योद्धाओं का सम्मान भी व्यवस्था की जिम्मेदारी है। यही समय है कि बिहार पूछे- क्या स्वस्थ राष्ट्र बनाने वालों का वर्तमान भी स्वस्थ और सुरक्षित है?

रिलेटेड पोस्ट्स