मैट पर बेटियों का पराक्रम, जूडो में दिखा उत्तराखंड का दम
राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका जूडो प्रतियोगिताः छह जिलों का दमखम
खेलपथ-शब्द सहयात्री
रोशनाबाद (हरिद्वार)। योगस्थली खेल परिसर रोशनाबाद में उत्तराखंड राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका जूडो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों की बालिका खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में अपने जूडो कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार अमित कुमार चंद्र, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला एवं खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद विनोद कुमार के निर्देशन में किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता शुभारम्भ अवसर पर रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान, जिला खेल अधिकारी रविंद्र भंडारी, मुकेश भट्ट सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। जिला खेल समन्वयक हरिद्वार गजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में छह जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका संजीव कुमार, गौरव कुमार, आदित्य गुप्ता एवं साहिल कुरैशी ने निभाई।
इन बेटियों का फहरा परचम
अंडर-19 बालिका वर्ग के प्रमुख परिणाम- 36 किग्रा वर्ग: नैनीताल की प्रीति मेलकानी प्रथम तथा देहरादून की रुचि द्वितीय रहीं। 40 किग्रा वर्ग: नैनीताल की मनीषा ने प्रथम और हरिद्वार की आशिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 44 किग्रा वर्ग: नैनीताल की साक्षी पंत प्रथम तथा हरिद्वार की आकांक्षा द्वितीय रहीं। 48 किग्रा वर्ग: ऊधमसिंह नगर की प्रियंका रावत ने प्रथम और देहरादून की राधिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 52 किग्रा वर्ग: नैनीताल की सृष्टि राणा प्रथम तथा टिहरी की प्राची द्वितीय रहीं। 57 किग्रा वर्ग: नैनीताल की बबीता ने प्रथम और हरिद्वार की साक्षी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 63 किग्रा वर्ग: नैनीताल की आरती बोरा प्रथम तथा टिहरी की आराधना द्वितीय रहीं। 70 किग्रा वर्ग: नैनीताल की आरती बोरा प्रथम तथा टिहरी के आयुष नेगी द्वितीय रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अंजेश कुमार, मनीष राठी, दिनेश वर्मा, अरुण कुमार खरे, सुबोध नयन, प्रदीप कुकरेती, मनमोहन डबराल, अनुज यादव, आर.एल. बडोनी, रवि कुमार, सुनीता देवी, कनिका, पार्थिव, प्रीति सैनी, सीमा रानी, प्रीति जोशी, उजमा परवीन, आलोक द्विवेदी सहित अनेक लोगों ने सहयोग प्रदान किया। राज्य स्तरीय विद्यालय जूडो प्रतियोगिता में उत्तराखंड की बालिका खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल यह संदेश दे रहा है कि उचित अवसर और मंच मिलने पर प्रदेश की बेटियां खेलों में नई ऊंचाइयां छू सकती हैं।
