100 और 200 मीटर दौड़ में आलोक कुमार एवं रिया सरोज बने चैम्पियन

तीन दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल

खेलपथ संवाद

प्रतापगढ़। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के दिशा निर्देशन में जिला खेल कार्यालय एवं जिला प्रशासन प्रतापगढ़ के समन्वय से तीन दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के एथलीटों ने कमाल का प्रदर्शन किया। जिलास्तरीय प्रतियोगिता में होनहार आलोक कुमार और रिया सरोज जहां 100 और 200 मीटर दौड़ में चैम्पियन बने वहीं 400 और 800 मीटर दौड़ में रिजवान की तूती बोली।

बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आलोक कुमार पहले, मोहम्मद जैद दूसरे तथा अभिजीत सरोज तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में आलोक कुमार ने फिर बाजी मारी और हंसदीप और मुहम्मद को पीछे छोड़ा। 400 मीटर दौड़ रिजवान ने जीती। अभिषेक सरोज और मोहम्मद जैद क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में भी रिजवान का जलवा रहा। हंसदीप विश्वकर्मा दूसरे तथा मोहम्मद ताबीश तीसरे स्थान पर रहे। लम्बीकूद में  नितिन मौर्या, चैम्पियन बने। अभय ठाकुर और साहिल अली दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहे। 1500 मीटर दौड़ अभिषेक ने जीती। यूहुद दूसरे तथा आर्य गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।

इसी तरह बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ रिया सरोज ने जीती। रितु सरोज दूसरे तथा संध्या वर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में भी रिया सरोज का जलवा रहा। महक दूसरे तथा साक्षी पाल तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में सिमरन गौतम का जलवा देखने को मिला। उन्होंने प्रियंका सरोज और संध्या वर्मा को पीछे छोड़ा। 800 मीटर दौड़ प्रियंका सरोज ने जीती। उमा और सिमरन गौतम क्रमशः दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहीं। लम्बी कूद में रितु सरोज पहले, महक गौतम दूसरे तथा सेजल पाल तीसरे स्थान पर रहीं। 1500 मीटर दौड़ अनन्या वारी ने जीती। सलोनी प्रजापति दूसरे तथा आरुषी गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा प्रवक्ता और जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र शुक्ला ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए जीवन में खेलो के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता को सफल बनाने में एथलेटिक्स प्रशिक्षक शोभनाथ यादव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी और प्रशिक्षक सचिन शुक्ला, खेलो इंडिया हॉकी प्रशिक्षक आशुतोष सिंह, फुटबॉल प्रशिक्षक बुद्ध प्रकाश, तलवारबाजी प्रशिक्षक लवली मिश्रा, कुश्ती प्रशिक्षक अरविंद कुमार, जिम ट्रेनर विक्रम प्रताप सिंह उर्फ बेटू, जिला क्रिकेट के आयोजन सचिव दुर्गेश तिवारी उर्फ मुन्ना, जिला हैंडबॉल संघ के सचिव अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। समापन समारोह का संचालन पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी और प्रशिक्षक आदित्य शुक्ला ने किया। अंत में उप क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिलेटेड पोस्ट्स