महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने दिया खेलेगा भारत, जीतेगा भारत का संदेश
एमडीयू में रन फॉर फिटनेस, रन फॉर द नेशन में दौड़ी युवा तरुणाई
रजिस्ट्रार प्रो. संदीप बंसल ने झंडी दिखाकर किया दौड़ का शुभारम्भ
खेलपथ संवाद
रोहतक। खेलेगा भारत, जीतेगा भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया एवं राष्ट्र निर्माण के आह्वान के अनुरूप महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के खेल समुदाय ने रन फॉर फिटनेस, रन फॉर द नेशन दौड़ का आयोजन किया। यह दौड़ राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के शुभारम्भ पर आयोजित की गई।
एमडीयू के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस दौड़ को विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. संदीप बंसल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं खेल समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रजिस्ट्रार प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि नियमित व्यायाम और खेल स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने अपने संदेश में कहा कि एमडीयू में 28 से 30 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को खेल एवं फिटनेस के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। फिट युवा, सशक्त राष्ट्र की भावना को आत्मसात करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने दैनिक जीवन में रोजाना एक घंटा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना चाहिए। खेल निदेशक कुलताज सिंह ने प्रारम्भ में स्वागत भाषण देते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने भी इस अवसर पर जीवन में खेल के महत्व को अहम् बताया। एथलेटिक कोच डॉ. रमेश सिंधु ने इस दौड़ का समन्वयन किया। ताइक्वांडो कोच अशोक कुमार ने मंच संचालन किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष शारीरिक शिक्षा एवं डीन, फैकल्टी ऑफ एजुकेशन प्रो. जितेंद्र कुमार, निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी, सहायक खेल निदेशक डॉ. तेजपाल, डॉ. संजीव, जनसंपर्क अधिकारी पंकज नैन, एमडीयू शिक्षक संघ के सचिव प्रो. महेश कुमार, विश्वविद्यालय के शिक्षक, खेल प्रशिक्षक, विद्यार्थी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। एमडीयू द्वारा आयोजित यह दौड़ स्वस्थ जीवनशैली, खेलभावना और राष्ट्र निर्माण के संदेश को समर्पित रही। सरदार वल्लभ भाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में एमडीयू इम्प्लाइज क्रिकेट टीम और स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक की एम्प्लाइज क्रिकेट टीम के बीच क्रिकेट मैच खेला गया वहीं कबड्डी, बैडमिंटन और योग सत्र के आयोजन भी हुए।
