झांसी के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर मिला बड़ा तोहफा

जिलाधिकारी गौरांग राठी के प्रयासों से दिव्यांग प्रतिभाओं को हर माह मिलेंगे 2000 रुपये

खेलपथ संवाद

झांसी। हॉकी के जादूगर पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झांसी में खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी पहल की गई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनपद के आर्थिक रूप से कमजोर, निर्धन एवं दिव्यांग प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उनके खेल विकास के लिए प्रतिमाह 2000 रुपये की छात्रवृत्ति के रूप में आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं क्षेत्रीय खेल कार्यालय झांसी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रातःकालीन सत्र में मुख्य अतिथि सदर विधायक रवि शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. रोहित पाण्डेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर हॉकी, बैडमिंटन, कबड्डी एवं मलखम्ब प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ किया।

सायंकाल आयोजित भव्य सम्मान समारोह में जिलाधिकारी गौरांग राठी, अर्जुन एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित पूर्व ओलम्पियन राजेंद्र सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अब्दुल अजीज, जमशेर खान, सुबोध खांडेकर, वीरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह एवं उमेश सिंह को स्मृति चिह्न, पगड़ी एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झांसी का नाम रोशन कर रहे हॉकी खिलाड़ी केतन कुशवाहा, एथलेटिक्स खिलाड़ी अंशु रजक, तैराक जिया यादव को जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की ओर से 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जबकि चंचल पाठक को 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर एवं दिव्यांग उदीयमान खिलाड़ियों दीपक, वैशाली साहू एवं संती को भी 2-2 हजार रुपये के चेक प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हॉकी अंडर-14, कबड्डी अंडर-18, बैडमिंटन अंडर-18 तथा मलखंभ अंडर-18 प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह ने सभी अतिथियों एवं खेलप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स