होनहार स्केटरों की फुर्ती, संतुलन और उत्साह देख खेलप्रेमी निहाल
राजीव इंटरनेशनल स्कूल में हुई सातवीं ओपन डिस्ट्रिक्ट रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप
मथुरा जनपद के स्कूलों एवं स्केटिंग अकादमियों के 350 खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल
खेलपथ संवाद
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में रविवार 23 अगस्त को हुई सातवीं ओपन डिस्ट्रिक्ट रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप में लगभग 350 होनहार खिलाड़ियों की फुर्ती, संतुलन और उत्साह देखते ही बना। होनहारों का वेग और करतब जिसने भी देखा, दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो गया। इस प्रतियोगिता में मथुरा जनपद के विभिन्न स्कूलों एवं स्केटिंग अकादमियों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ राजीव इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या नंदिता ढींगरा, कन्हैया गुर्जर एवं एडवोकेट विपिन कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलभावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने को प्रेरित किया। वृंदावन स्केटिंग अकादमी के कोच एवं स्पीड स्केटिंग, मथुरा के अध्यक्ष एडवोकेट शैलेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्गों एवं अलग-अलग स्पर्धाओं में आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में राजीव इंटरनेशनल स्कूल, रतन लाल स्कूल, जैपुरिया स्कूल, कान्हा माखन ओमेक्स ब्रांच, बिरला स्कूल, हैरिटेज वृन्दावन स्कूल आदि के छात्र-छात्राओं ने अपना कौशल दिखाया। प्रतियोगिता में अनिशा, लक्ष शर्मा, देवांश अग्रवाल, आयेशा, आरव सिंह, प्रणव मित्तल, नैनिका सिंह, कनिका शर्मा, भव्या राघव, सती, प्रेम चौधरी, कियांश, विनायक, शिवांश, भार्गव, लव्य, ऐलिस, शोभिका, वंशिका खंडेलवाल एवं आराधिका सहित अनेक खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्णिम सफलता हासिल कर अपने स्कूल एवं एकेडमी का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव डी.एस. राठौर ने सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता की सफलता में उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के टेक्निकल हेड नरेश भदौरिया एवं संयुक्त सचिव मनोज शर्मा का विशेष योगदान रहा।
प्रतियोगिता के सुचारु रूप से संचालन में छत्रपाल सिंह, विपिन कुमार, मयंक कुमार, अक्षय कुमार, लकी कुमार, ऋषव कुमार, कृष्णा यादव, सरिता सिंह, पूनम, संध्या, राकेश सैनी, मयंक हलदर, कन्हैया निषाद, सुनील कुमार, पवन कुमार आदि ने अहम योगदान दिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन वरिष्ठ पत्रकार जयंत सिंह तोमर, फिल्म मेकर शशांक दंडौतिया आदि ने किया। अंत में वृंदावन स्केटिंग अकादमी के कोच एवं स्पीड स्केटिंग, मथुरा के अध्यक्ष एडवोकेट शैलेंद्र कुमार ने सभी का आभार माना।
