साउथ सिटी पब्लिक स्कूल कानपुर के तीरंदाजों का कमाल

सीआईएससीई यूपी रीजनल आर्चरी में जीते 2 रजत और 4 कांस्य पदक

खेलपथ संवाद

कानपुर।  सीआईएससीई यूपी  रीजनल आर्चरी चैम्पियनशिप में साउथ सिटी पब्लिक स्कूल के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 रजत और 4 कांस्य पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता लखनऊ स्थित ला मार्टिनियर कॉलेज में आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में विद्यालय के सूर्यांश ने अंडर-17 इंडियन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 रजत पदक हासिल किए वहीं गार्विका (अंडर-14 इंडियन राउंड), यश शुक्ला (अंडर-14 कंपाउंड राउंड), आर्यन यादव (अंडर-19 रिकर्व) और उत्कर्ष (अंडर-14 रिकर्व) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक-एक कांस्य पदक जीता।

रीजनल चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर इन सभी खिलाड़ियों ने सितम्बर में होने वाली सीआईएससीई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से खिलाड़ियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या कविता खन्ना ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने कोच युवराज सिंह को भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने के लिए बधाई दी।

प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। साउथ सिटी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर ममता त्रिपाठी ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

रिलेटेड पोस्ट्स