चंडीगढ़ स्टेट बैडमिंटन टूर्नामेंट में टी.एस.बी.ए. के खिलाड़ियों का जलवा
प्रकृति कंवर-रिदिमा सैनी की जोड़ी ने जीता युगल खिताब
खेलपथ संवाद
मनीमाजरा (चंडीगढ़)। चंडीगढ़ स्टेट बैडमिंटन टूर्नामेंट में ट्राइसिटी शटलर्स बैडमिंटन अकादमी (टी.एस.बी.ए.) के खिलाड़ियों ने अपने शानदार और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपना दबदबा पूरी तरह कायम रखा और कई महत्वपूर्ण खिताब अपने नाम किए। प्रकृति कंवर ने रिदिमा सैनी के साथ जोड़ी बनाते हुए अंडर-19 बालिका युगल का खिताब जीता।
टूर्नामेंट के विभिन्न वर्गों में टी.एस.बी.ए. के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ी समरवीर शर्मा ने पुरुष एकल का खिताब अपने नाम किया और सीनियर मिश्रित वर्ग में आकांक्षा के साथ मिलकर एक और शानदार जीत हासिल की। रुचिका ने महिला एकल और महिला युगल दोनों ही श्रेणियों में खिताब अपने नाम किया। वहीं, आकुल ने पुरुष युगल का खिताब जीता, जबकि सीनियर मिश्रित और पुरुष एकल वर्ग में कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता (रनर-अप) रहे। आकांक्षा ने शानदार खेल दिखाते हुए महिला युगल का खिताब जीता।
प्रकृति कंवर ने रिदिमा सैनी के साथ जोड़ी बनाते हुए अंडर-19 बालिका युगल का खिताब जीता। इसके अलावा, प्रकृति ने गुरतेज सिंह के साथ अंडर-19 मिश्रित वर्ग में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया और एकल वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, गुरतेज सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 बालक एकल का खिताब अपने नाम किया। वैभव ने अंडर-19 युगल में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। रुद्रा अंडर-19 एकल के उपविजेता रहे और साथ ही मिश्रित वर्ग का खिताब जीतने में सफल रहे। खिलाड़ियों की सफलता पर टी.एस.बी.ए. के कोच विवेक शर्मा ने उनकी कड़ी मेहनत और लगन की सराहना की।
