जापान में छाए जगनबीर बाजवा, एशियन कैनो मैराथन में जीते दो कांस्य
चंडीगढ़ के 20 वर्षीय खिलाड़ी ने 3.4 और 10 किलोमीटर स्पर्धा में किया कमाल
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के 20 वर्षीय कैनो खिलाड़ी जगनबीर सिंह बाजवा ने जापान में आयोजित एशियन कैनो मैराथन चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीते। उन्होंने 3.4 किलोमीटर और 10 किलोमीटर दोनों स्पर्धाओं में तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पंजाब और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
3.4 किलोमीटर स्पर्धा में वियतनाम के फाम वान हान ने स्वर्ण, जापान के उएदे शितोरा ने रजत और भारत के जगनबीर सिंह बाजवा ने कांस्य पदक जीता। 10 किलोमीटर स्पर्धा में भी जगनबीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के बीच दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतना उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है।
जगनबीर के कोच और स्वयं स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी रविंदर सिंह ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता पंजाब और देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जगनबीर ने लम्बे समय से नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ इस प्रतियोगिता की तैयारी की थी। कम उम्र में एशियाई स्तर की प्रतियोगिता में दो पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है।
भारतीय टीम के कोच और कैनो मैराथन इंडिया के चेयरमैन दीपक कुमार सिंह ने भी जगनबीर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता में परिवार के सहयोग और लगातार मेहनत की अहम भूमिका रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जगनबीर भविष्य में इससे भी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतेगा।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी जगनबीर को दो कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जगनबीर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पंजाब और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने जगनबीर के परिवार और कोचिंग स्टाफ को भी बधाई दी तथा उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और पंजाब का नाम ऊंचा करेगा।
