हावरांग अकादमी के होनहारों ने तमिलनाडु को किया गौरवान्वित
प्रथम इंडिया ताइक्वांडो यूथ नेशनल चैम्पियनशिप में जीते चार पदक
खेलपथ संवाद
कटक (ओडिशा)। हावरांग अकादमी के होनहारों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता सिद्ध करते हुए प्रथम इंडिया ताइक्वांडो यूथ नेशनल चैम्पियनशिप 2026–27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम, कटक (ओडिशा) में आयोजित हुई।
अकादमी के खिलाड़ियों ने अनुशासन, तकनीकी दक्षता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए एक रजत एवं तीन कांस्य पदक जीतकर तमिलनाडु राज्य का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय पदक विजेताओं में मास्टर लोकप्रदीप ने फ्रीस्टाइल पूमसे में रजत पदक जीता वहीं डी. मृदुला ने व्यक्तिगत मान्यता प्राप्त (रिकग्नाइज्ड) पूमसे में कांस्य पदक, डी. मृदुला एवं उदित यादव ने युगल (पेयर) रिकग्नाइज्ड पूमसे में कांस्य पदक जीतकर तमिलनाडु को गौरवान्वित किया।
तमिलनाडु पूमसे टीम ने आधिकारिक तमिलनाडु पूमसे कोच मास्टर कलिंगा कुमार लेंका के कुशल नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। उनके मार्गदर्शन में तमिलनाडु टीम ने एक स्वर्ण, एक रजत तथा दो कांस्य पदक जीते। यह उपलब्धि राष्ट्रीय पूमसे प्रतियोगिताओं में तमिलनाडु की बढ़ती ताकत तथा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रमाण है।
इस सफलता के सूत्रधार प्रशिक्षक मास्टर कलिंगा कुमार लेंका, आधिकारिक तमिलनाडु पूमसे कोच मास्टर आर्यन कुमार लेंका, सहायक प्रशिक्षक हावरांग अकादमी रहे। इन दोनों प्रशिक्षकों की अथक मेहनत, तकनीकी दक्षता, अनुशासित प्रशिक्षण एवं समर्पण ने एक नई पीढ़ी के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को तैयार किया है। इस सफलता से गर्वित अभिभावकों ने हावरांग अकादमी की प्रशंसा की।
मास्टर लोकप्रदीप, किरुबाकरन, भवानी, डी. मृदुला, डी. एलक्किया एवं हवलदार एम. दीपक (भारतीय सेना), उदित यादव, वारंट ऑफिसर सोनवीर सिंह यादव (भारतीय वायु सेना) एवं सुमन यादव हावरांग अकादमी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अभिभावकों का उनकी प्रेरणा, सहयोग एवं विश्वास के लिए हार्दिक आभार माना।
भारतीय टीम चयन ट्रायल के लिए चयनित
इन सभी पदक विजेता खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम चयन ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया है, जहाँ वे आगामी अफ्रीका में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय युवा प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने हेतु चयन के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
हावरांग अकादमी के संस्थापक डॉ. अशोक कुमार लेंका ने अपने संदेश में कहा कि ये पदक केवल जीत नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम हैं। मैं सभी खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा विशेष रूप से हमारे प्रशिक्षकों मास्टर कलिंगा कुमार लेंका एवं मास्टर आर्यन कुमार लेंका को हार्दिक बधाई देता हूँ। निरंतर परिश्रम करते रहें, जब तक कि एक दिन आप विश्व मंच पर भारत का तिरंगा गर्व से न लहराएँ। हावरांग अकादमी सदैव आपके साथ है और आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।"
