कॉमनवेल्थ गेम्स में हरजिंदर कौर का वेटलिफ्टिंग में सिल्वर

भारत की बेटी ने 227 किलो भार उठाकर लिखी सफलता की कहानी

खेलपथ संवाद

ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टरों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। महिलाओं के 69 किग्रा भार वर्ग में भारत की स्टार वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है। हरजिंदर ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों राउंड में बेहद संयमित और आत्मविश्वास से भरा खेल दिखाया और बिना किसी दबाव के 227 किलोग्राम का कुल वजन उठाकर पोडियम पर दूसरा स्थान हासिल किया।

हरजिंदर कौर की शुरुआत स्नैच राउंड से ही काफी मजबूत रही, जहां उन्होंने अपने तीनों प्रयासों (96 किग्रा, 99 किग्रा और 101 किग्रा) को सफलता के साथ पूरा किया और 101 किलोग्राम का स्कोर बनाया। इसके बाद असली कमाल उन्होंने क्लीन एंड जर्क राउंड में दिखाया। हरजिंदर ने पहले प्रयास में 120 किलोग्राम, दूसरे में 123 किलोग्राम और तीसरे व अंतिम प्रयास में बेहद आसानी से 126 किलोग्राम का भार उठाया, जो उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कुल मिलाकर 227 किग्रा (101 किग्रा + 126 किग्रा) के स्कोर के साथ उन्होंने भारत के लिए सिल्वर मेडल पक्का कर लिया।

कनाडा की शार्लेट सिमोन्यू पूरी तरह से छाए रहीं और उन्होंने नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। सिमोन्यू ने स्नैच में 108 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 127 किलोग्राम भार उठाकर कुल 235 किलोग्राम के विशाल स्कोर के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की नया फीबे हेमैन ने कुल 218 किग्रा (स्नैच 97 किग्रा + क्लीन एंड जर्क 121 किग्रा) का वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

रिलेटेड पोस्ट्स