खेल मंत्री रेखा आर्य ने किया अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी का सम्मान
भारत–नेपाल इंडो टेस्ट सीरीज़ में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया उत्तराखंड का मान
खेलपथ संवाद
हरिद्वार (उत्तराखंड)। हरिद्वार जनपद एवं उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल खिलाड़ी सूरज चौधरी को भारत–नेपाल इंडो टेस्ट सीरीज़ में भारतीय टीम के उप-कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने पर उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सम्मानित किया।
गौरतलब है कि 7 से 9 अप्रैल 2026 तक काठमांडू (नेपाल) में आयोजित भारत–नेपाल इंडो टेस्ट सीरीज़ में हरिद्वार, उत्तराखंड के खिलाड़ी सूरज चौधरी ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उप-कप्तान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने मेज़बान नेपाल को 5–0 से पराजित कर शानदार अंदाज़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले भी सूरज चौधरी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने सूरज चौधरी को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। सूरज चौधरी ने इस सम्मान के लिए खेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी उत्तराखंड और भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित करने की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर उनके साथ छोटे भाई चंचल चौधरी एवं मंजीत सिंह भी उपस्थित रहे। दोनों ने सूरज चौधरी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सूरज चौधरी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता, परिवार, साथियों तथा समस्त खेलप्रेमियों के आशीर्वाद, सहयोग और विश्वास को दिया।
