क्रिकेटर अदिति श्योराण कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के हाथों सम्मानित

ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मेरिग्लियो ने दिया अचीवर्स अवॉर्ड-2026

चंडीगढ़ प्रशासन की क्रिकेट एकेडमी में पहली महिला ट्रेनी रही है अदिति श्योराण

खेलपथ संवाद

चंडीगढ़-सोनीपत। यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सातवें एंटरप्रेन्योर एंड अचीवर अवॉर्ड्स-2026 से नवाजा गया है। यह सम्मान चंडीगढ़ के सेक्टर-31 स्थित पीएचडी चैम्बर में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया (एमएफआई) एवं पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीआरसीआई), चंडीगढ़ चैप्टर द्वारा दिया गया है।  अदिति को यह सम्मान हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह और ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मेरिग्लियो के हाथों मिला।

अदिति हरियाणा के सोनीपत जिले के दुभेटा गांव की मूल निवासी हैं और बीते चार वर्ष से चंडीगढ़ प्रशासन की सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। अदिति चंडीगढ़ प्रशासन की क्रिकेट एकेडमी की पहली महिला ट्रेनी हैं। अदिति चंडीगढ़ महिला क्रिकेटर टीमों में अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 कैटेगरी में खेल चुकी हैं। यूटी क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से बीसीसीआइ स्तर की वनडे चैम्पियनशिप में बीते तीन वर्षों से चंडीगढ़ वुमेन टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

क्रिकेट में स्टेट, नेशनल और यूजीसीए जोनल तीनों स्तर पर टीम की कप्तानी भी की है। स्टेट,नेशनल और बीसीसीआइ स्तर पर चंडीगढ़ की टीमों से खेलने वाली अदिति की खेल प्रतिभा के लिए इस साल अचीवर्स अवार्ड के लिए चुना गया है। सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल में 11वीं की छात्रा अदिति ने यूटीसीए और चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आयोजित पहले गली क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी टीम को सयुक्त रुप से चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

नेशनल स्कूल गेम्स में अदिति श्योराण तीन विभिन्न खेलों में चंडीगढ़ टीम की खिलाड़ी रही हैं। खेल उपलब्धियों के लिए उन्हें चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से स्टेट अवॉर्ड के अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स अवॉर्ड, एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक, जाट सभा चंडीगढ़ सहित कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। अदिति श्योराण को हरियाणा सरकार की ओर से भी 2025 में गणतंत्र दिवस पर खेल उपलब्धियों के लिए सम्मान मिल चुका है।

पीआरसीआई चंडीगढ़ चैप्टर चेयरमैन डॉ. रुपेश सिंह ने कहा कि युवा क्रिकेटर अदिति की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से यह खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेगी। यूटीसीए के पूर्व प्रेसिडेंट और बीसीसीआई डब्ल्यूपीएल कमेटी के सदस्य संजय टंडन ने अदिति को अचीवर्स अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी। टंडन ने कहा कि अदिति यूटीसीए की प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्हें भविष्य में इनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। यूटीसीए ऐसे खिलाड़ियों को हमेशा आगे बढ़ने में मदद करता है। अदिति के दादा चौधरी रघबीर सिंह श्योरण और दादी मूर्ति देवी ने सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इससे गांव की दूसरी बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।

रिलेटेड पोस्ट्स