जैवलिन थ्रोअर आनंद सिंह ने करियर बेस्ट थ्रो से जीता गोल्ड मेडल
एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में फेंका 80.57 मीटर दूर भाला
खेलपथ संवाद
ओरडोस। एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2026 में भारत के आनंद सिंह ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। चीन के ओरडोस में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने 80.57 मीटर का करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। इसके साथ ही उन्होंने पहली बार 80 मीटर का आंकड़ा भी पार किया।
22 वर्षीय आनंद सिंह ने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 80.57 मीटर का पर्सनल बेस्ट थ्रो किया। उन्होंने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में 2.89 मीटर का सुधार करते हुए 80 मीटर की दूरी पार की। उत्तर प्रदेश के आनंद सिंह ने इस चैंपियनशिप में 77.68 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ प्रवेश किया था। उन्होंने यह प्रदर्शन 28 जून को भुवनेश्वर में आयोजित नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में किया था। वह थ्रो प्रतियोगिता के छठे और अंतिम राउंड में आया था। उस प्रतियोगिता में वह रोहित यादव, यशवीर सिंह और सचिन यादव के बाद चौथे स्थान पर रहे थे।
इस साल की शुरुआत में पटियाला में आयोजित इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता में भी आनंद सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 76.94 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया था। इससे पहले एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने 9 से 12 जुलाई तक ओरडोस में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए 54 सदस्यीय भारतीय ट्रैक एंड फील्ड टीम का चयन किया था।
एशियन अंडर-23 चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम
पुरुष: विभास्कर कुमार, सैम वसंत एस (100 मीटर/4x100 मीटर रिले), हर्ष संतोष राउत, मोहम्मद शान पी, लौकिक अनंत मेल्गे, अनिकेत नलवाडे (4x100 मीटर रिले), अभय सिंह (200 मीटर), जे पांडियन (200 मीटर), आस्तिक प्रधान, सेतु मिश्रा (400 मीटर/4x400 मीटर रिले), अमन चौधरी, शरण एम, साहिल मलिक, तरनदीप सिंह (4x400 मीटर रिले), शकील, विनोद कुमार भनोट (800 मीटर), साकिर, रितिक देयोल (1500 मीटर), शिवाजी परशुराम (5000 मीटर/10000 मीटर), विनोद सिंह (5000 मीटर), शैलेश कुशवाह (10000 मीटर), शाहरुख खान (3000 मीटर स्टीपलचेज), सुदीप (ऊंची कूद), मोहम्मद मुहासिन (ट्रिपल जंप), देव कुमार मीना, कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), मोहम्मद अत्ता साजिद (लंबी कूद), भरतप्रीत सिंह (डिस्कस थ्रो), शिवम लोहाकरे, आनंद सिंह (भाला फेंक), हर्षित कुमार (हैमर थ्रो), अभिजीत भोसले (डेकाथलॉन), सचिन जी (21 किलोमीटर रेस वॉक)।
महिलाएं: किरुथिका, अक्षया एस, वी सुदीक्षा, संजना, अबिनया राजराजन (4x100 मीटर रिले), हुइड्रोम भूमेश्वर (800 मीटर/1500 मीटर), वैष्णवी रावल (800 मीटर), श्रेया राजेश, सबिता टोप्पो (100 मीटर बाधा दौड़), प्राची देवकर (3000 मीटर स्टीपलचेज), नितिका अनुप अकारे (पोल वॉल्ट), शैली सिंह (लंबी कूद), विधि, अनुप्रिया वीएस (शॉट पुट), प्रिया (डिस्कस थ्रो), श्रावणी सचिन सांगले (400 मीटर बाधा दौड़/4x400 मीटर रिले), नोफिसा खातून, ताहुरा खातून, बूमिका नेहते, सैंड्रा मोल साबू, सी जेनिस स्टेला (4x400 मीटर रिले), अनामिका केए (हेप्टाथलॉन) और आरती (21 किलोमीटर रेस वॉक)।
