भारतीय चौकड़ी ने एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जीता गोल्ड
मिश्रित रिले में बिहार के होनहार सेतु मिश्रा ने भी किया बेजोड़ प्रदर्शन
अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप: पहले दिन भारत के खाते में पांच पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत ने एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। दिन का समापन भारत ने मिश्रित 4x400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर किया।
भारतीय टीम के अस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले की चौकड़ी ने 3 मिनट 18.64 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। भारत को पुरुष 5000 मीटर दौड़ में शिवाजी परशुराम मदप्पागौड़ा ने चांदी तथा विनोद सिंह ने कांस्य पदक दिलाया। डिस्कस थ्रो में भरतप्रीत सिंह ने सर्वश्रेष्ठ थ्रो: 52.91 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। वहीं महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में प्राची देवकर ने 10:32.69 मिनट का समय लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुष डिस्कस थ्रो में चीन के ली झिक्सिन ने 60.79 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके हमवतन जियांग जेहाओ ने 59.60 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। पुरुष 5000 मीटर दौड़ में जापान के रुई सुजुकी ने 14:01.24 के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में चीन का दबदबा रहा। यांग यिटिंग ने 10:14.68 के समय के साथ स्वर्ण, जबकि लियू युशिन ने 10:25.51 के साथ रजत पदक जीता।
चीन के ओरडोस में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले संस्करण में भारत 53 एथलीटों के दल के साथ हिस्सा ले रहा है। पहले ही दिन पांच पदक जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सेतु मिश्रा के प्रदर्शन को सराहा
पटना। खेल जगत से बिहार को गौरवान्वित करने वाली खबर सामने आई है। चीन में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी सेतु मिश्रा ने भारतीय टीम के साथ मिलकर इतिहास रच दिया है। सेतु मिश्रा ने 4×400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेतु मिश्रा के इस प्रदर्शन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई दी है।
सीएम सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार के लाल ने भारत का मान बढ़ाया है। चीन में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की 4×400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाने वाले बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी सेतु मिश्रा और भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। सीएम ने आगे लिखा कि सेतु मिश्रा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प एवं अदम्य साहस से बिहार समेत पूरे देश को गौरवान्वित किया है। आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश एवं बिहार भर के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं में निरंतर सफलता की मंगलकामनाएं।
