राष्ट्रमंडल खेलों में 78 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी दिखाएंगे दम

आईओए के निर्वाचित पदाधिकारियों का खर्च नहीं उठाएगी सरकार

शेफ-डी-मिशन रोहित राजपाल का खर्च उठाएगा भारतीय ओलम्पक संघ

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में शुरू होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए 191 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दे दी है। इस दल में 126 खिलाड़ी और 51 टीम अधिकारी शामिल हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की कार्यकारी समिति (ईसी) के निर्वाचित सदस्य, यदि टीम अधिकारियों की सूची में शामिल हैं, तो उनके विदेश दौरे का खर्च सरकार नहीं उठाएगी।

मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रतियोगिता से लौटने के 30 दिनों के भीतर भारतीय दल को अपने प्रदर्शन की विस्तृत रिपोर्ट और प्रतियोगिता की एक्शन तस्वीरें भी मंत्रालय को सौंपनी होंगी। मंजूर दल में 126 खिलाड़ियों में 78 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा है कि टीम अधिकारियों की श्रेणी में कोच, सपोर्ट स्टाफ, मेडिकल स्टाफ और कंटिंजेंट अधिकारी शामिल होंगे।

भारतीय दल के शेफ-डी-मिशन रोहित राजपाल आईओए की कार्यकारी समिति के निर्वाचित सदस्य हैं। इसलिए ग्लासगो प्रवास के दौरान उनके रहने और अन्य खर्च का वहन सरकार नहीं करेगी। यह खर्च भारतीय ओलम्पिक संघ स्वयं उठाएगा। खेल मंत्रालय ने सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने खिलाड़ियों और अधिकारियों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराएं। मंत्रालय ने कहा कि पहले विदेश दौरों के दौरान कुछ खिलाड़ियों और अधिकारियों के लापता होने की घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

मंत्रालय ने इस बार भी पर्सनल कोच को दल में शामिल करने की अनुमति नहीं दी है। पहले ही स्पष्ट किया गया था कि किसी निजी कोच को तभी अनुमति मिल सकती है जब उसका खिलाड़ी के प्रदर्शन में नियमित और स्पष्ट योगदान साबित हो। हालांकि स्वीकृत दल से अतिरिक्त किसी निजी कोच को, चाहे उसका खर्च सरकार पर न भी हो, अनुमति नहीं दी जाएगी।

स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की अगुआई वाली 32 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम (22 पुरुष, 10 महिला) के साथ सबसे बड़ा सपोर्ट स्टाफ रहेगा। टीम के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर होंगे। एथलेटिक्स दल के साथ पांच कोच, दो फिजियो, एक डॉक्टर और दो अन्य मेडिकल विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं।

14 सदस्यीय भारतीय बॉक्सिंग टीम (सात पुरुष, सात महिला) के लिए आठ सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी मिली है। स्वीडन के सैंटियागो नीएवा मुख्य कोच होंगे, जबकि मंदाकिनी चानू कोचिंग स्टाफ की एकमात्र महिला सदस्य हैं। टीम के साथ खेल मनोवैज्ञानिक मैथिली भूपतानी भी रहेंगी। मीराबाई चानू की अगुआई वाली 12 सदस्यीय वेटलिफ्टिंग टीम के साथ चार कोच, एक फिजियोथेरेपिस्ट और अन्य अधिकारी रहेंगे। वहीं पांच सदस्यीय तैराकी टीम के साथ निहार अमीन और संदीप सेजवाल को कोच एवं मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पैरा खिलाड़ियों के लिए 42 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ

पैरा स्पोर्ट्स दल के लिए 42 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी गई है। इसमें 11 सदस्यीय पैरा एथलेटिक्स टीम के साथ सबसे अधिक तीन अधिकारी रहेंगे। लागत में कटौती के कारण इस बार ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन सीमित स्तर पर हो रहा है। प्रतियोगिता में केवल 10 सक्षम और छह पैरा खेल शामिल किए गए हैं।

भारत नौ सक्षम खेलों और पांच पैरा खेलों में हिस्सा लेगा। शूटिंग, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती और क्रिकेट जैसे भारत के पारम्परिक पदक दिलाने वाले खेल इस बार कार्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में भारत के कुल पदक प्रदर्शन पर इसका असर पड़ सकता है। खेल मंत्री मनसुख मांडविया पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि बहु-खेल प्रतियोगिताओं के लिए केवल उन्हीं खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिनके पदक जीतने की वास्तविक सम्भावना होगी।

रिलेटेड पोस्ट्स