शूटर युग प्रताप सिंह राठौर ने कांस्य पदक पर लगाया निशाना

आईएसएसएफ जूनियर विश्व शूटिंग चैम्पियनशिप में साधे सटीक निशाने

खेलपथ संवाद

भोपाल। इंदौर के युवा पिस्टल शूटर युग प्रताप सिंह राठौर ने जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ  जूनियर विश्व शूटिंग चैम्पियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का कांस्य पदक जीता है। उन्होंने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 217.5 का स्कोर कर यह उपलब्धि हासिल की।

भारत ने इस चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 24 पदक (7 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य) जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। युग प्रताप सिंह राठौर की इस ऐतिहासिक जीत से इंदौर सहित पूरे मध्य प्रदेश में खुशी की लहर है। इससे पहले, अक्टूबर 2024 में पेरू के लीमा में आयोजित जूनियर विश्व चैंपियनशिप में इंदौर की एक अन्य शूटर मानवी जैन ने भी महिलाओं की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।

जर्मनी में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड शूटिंग चैम्पियनशिप में भारत ने 24 पदकों के साथ मेडल टेबल में पहला स्थान हासिल किया। भारत ने टूर्नामेंट में 7 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज सहित कुल 24 मेडल अपने नाम किए। भारतीय निशानेबाज सेजल काम्बले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड मेडल जीते जबकि समीर, रोहत कन्यान, वंशिका चौधरी, नव्या बिश्नोई और प्रीतम केंद्रे ने भी 1-1 गोल्ड मेडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने जूनियर शूटिंग में अपनी वैश्विक ताकत एक बार फिर साबित की।

रिलेटेड पोस्ट्स