रग्बी कोच आयुष सैनी ने किया अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनीषा का सम्मान
कहा- उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन खिलाड़ियों के सम्मान को और खेलों के विकास को प्रतिबद्ध
खेलपथ संवाद
हरिद्वार (उत्तराखंड)। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं रग्बी कोच आयुष सैनी ने उत्तराखंड की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनीषा चौहान के निवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मनीषा चौहान को रग्बी बॉल भेंट कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आयुष सैनी ने कहा कि मनीषा चौहान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत और उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान करना प्रत्येक खेल संगठन का दायित्व है और उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन हमेशा खिलाड़ियों के सम्मान और खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड में रग्बी खेल का लगातार विस्तार हो रहा है। प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से रग्बी को नई पहचान मिल रही है। राज्य के विभिन्न जिलों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में उत्तराखंड रग्बी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
इस अवसर पर खेलो इंडिया हॉकी सेंटर के कोच सौरभ पटवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने मनीषा चौहान को उनकी शानदार उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मनीषा चौहान ने भी आयुष सैनी एवं उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों का सम्मान उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उत्तराखंड के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे। इस मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों के बीच आपसी सहयोग, खेलभावना और उत्तराखंड में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। सभी ने एक-दूसरे को भविष्य की सफलताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
