अर्शमान और सनी स्पोर्ट्स स्टेडियम प्रतापगढ़ में सम्मानित

होनहार क्रिकेटर का राज्य क्रीड़ा छात्रावास देवरिया में चयन

खेलपथ संवाद

प्रतापगढ़। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा आवासीय क्रीड़ा छात्रावास सत्र 2026-27 के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में प्रतापगढ़ जिले के होनहार सनी यादव का नाम भी शामिल है। मंगलवार को जिले के उप क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने प्रतापगढ़ जिले की दो होनहार क्रिकेट प्रतिभाओं अर्शमान खान एवं सनी यादव के साथ उनके अभिभावकों को सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले पांच वर्षों से पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी और क्रिकेट प्रशिक्षक आदित्य शुक्ला से क्रिकेट के गुर सीख रहे सनी यादव पुत्र श्याम बाबू, निवासी मोहल्ला बलीपुर, कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़ का चयन राज्य क्रीड़ा छात्रावास देवरिया हुआ है। इस उपलब्धि से जिले में प्रसन्नता का माहौल है। मंगलवार को सनी यादव और उनके सीनियर अर्शमान खान पुत्र शमीम खान निवासी चौखड़ा सराय गनई को सम्मानित किया गया।

अर्शमान खान की जहां तक बात है वह पिछले तीन साल से उत्तर प्रदेश की टीम से अपने जनपद का नाम रोशन कर रहा है। इसी उपलक्ष्य में स्पोर्ट्स स्टेडियम में दोनों ही खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों का उप क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव द्वारा माला पहनाकर तथा मुँह मीठा कराकर सम्मानित किया।  उप क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी एक दिन टीम इंडिया में प्रवेश पाकर प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।

क्रिकेट प्रतिभाओं के सम्मान समारोह में ओमवीर सिंह, श्याम बाबू यादव, पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी और प्रशिक्षक आदित्य शुक्ला, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी और प्रशिक्षक सचिन शुक्ला, एथलेटिक्स प्रशिक्षक शोभनाथ यादव, फुटबॉल प्रशिक्षक बुद्ध प्रकाश, कुश्ती प्रशिक्षक अरविंद कुमार, खेलो इंडिया हॉकी प्रशिक्षक आशुतोष सिंह, तलवारबाजी प्रशिक्षक लवली मिश्रा, जिला क्रिकेट संघ के आयोजन सचिव दुर्गेश तिवारी उर्फ मुन्ना, निखिल राणा, जिम ट्रेनर विक्रम प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स