पारुल चौधरी को मिला सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट का अवॉर्ड

पीटी ऊषा और अंजू बॉबी जॉर्ज लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित

इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स-2025 नीरज चोपड़ा सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा को नई दिल्ली में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स 2025 समारोह में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट तथा पारुल चौधरी जोकि 3000 मीटर स्टिपलचेज की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक हैं, उनको वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट के अवॉर्ड से नवाजा गया। पारुल ने पिछले साल एशियाई चैम्पियनशिप में 3000 मीटर स्टिपलचेज और 5000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे।

नीरज चोपड़ा ने कहा, “यह अवॉर्ड मेरे दिल के बेहद करीब है। यहां पुरानी और नई पीढ़ी के एथलीट मौजूद हैं। उनके सामने यह सम्मान पाकर मैं बहुत खुश हूं।” नीरज चोपड़ा ने इसी सप्ताह दोहा डायमंड लीग 2026 में चौथा स्थान हासिल किया था। दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता नीरज ने अपने सीजन के पहले मुकाबले में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया। उन्होंने यह दूरी अपने तीसरे प्रयास में हासिल की।

नीरज ने पिछले साल सितम्बर में टोक्यो में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप से पहले लगी पीठ की चोट से उबरने के बाद मैदान पर वापसी की है। 28 वर्षीय भारतीय एथलीट ने पिछले वर्ष भाला फेंक में 90 मीटर का आंकड़ा पार कर इतिहास रचा था। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का शानदार थ्रो कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की थी।

इसके बावजूद, पिछले साल खेले गए आठ मुकाबलों में से सात में उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। इनमें से चार प्रतियोगिताओं में उन्होंने जीत दर्ज की, जबकि बाकी तीन में दूसरे स्थान पर रहे। नीरज चोपड़ा की बड़ी जीतों में ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक, पेरिस डायमंड लीग और नीरज चोपड़ा क्लासिक जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक टूर्नामेंट शामिल रहे।

पारुल चौधरी की जहां तक बात है, वह 3000 मीटर स्टिपलचेज की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक हैं, उनको वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट चुना गया। पारुल ने पिछले साल एशियाई चैम्पियनशिप में 3000 मीटर स्टिपलचेज और 5000 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता था। वह इस साल होने वाले एशियाई खेलों में महिलाओं की 5000 मीटर स्पर्धा की डिफेंडिंग चैम्पियन भी हैं, जबकि नीरज चोपड़ा अपने जैवलिन खिताब का बचाव करने उतरेंगे।

दिग्गज धाविका और भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पीटी ऊषा ने कहा, “मुझे इस पुरस्कार की उम्मीद नहीं थी क्योंकि मैंने इसके लिए आवेदन नहीं किया था। भारत में अक्सर ऐसा होता है कि यदि आपने आवेदन नहीं किया हो, तो पुरस्कार मिलना मुश्किल होता है।” उन्होंने आगे कहा, “यह मेरे फेडरेशन, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की बहुत अच्छी पहल है।”

पूर्व एशियाई खेल डेकाथलॉन चैम्पियन गुरबचन सिंह रंधावा, पूर्व राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच बहादुर सिंह चौहान और विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता लम्बी कूद एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज भी लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड पाने वालों में शामिल रहे। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा शुरू किए गए इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स का उद्देश्य एथलीट्स, कोच, तकनीकी अधिकारियों, मेंटर्स, राज्य संघों और खेल से जुड़े अन्य हितधारकों के योगदान को सम्मानित करना है।

इसके पहले संस्करण में कुल 10 श्रेणियां शामिल थीं, जिनमें सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट, सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट, सर्वश्रेष्ठ कोच, सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी, सर्वश्रेष्ठ राज्य संघ और लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड जैसी प्रमुख श्रेणियां शामिल रहीं।

इंडियन एथलेटिक्स अवॉर्ड्स 2025 विजेताओं की सूची-

वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट: नीरज चोपड़ा, वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट: पारुल चौधरी, वर्ष के उभरते हुए पुरुष एथलीट: शाहनवाज खान, वर्ष की उभरती हुई महिला एथलीट: पूजा, वर्ष के सर्वश्रेष्ठ कोच: परवीर सिंह, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: पीटी ऊषा, गुरबचन सिंह रंधावा, बहादुर सिंह चौहान, अंजू बॉबी जॉर्ज, वर्ष का सर्वश्रेष्ठ राज्य फेडरेशन: तमिलनाडु एथलेटिक्स एसोसिएशन, एथलेटिक्स को सर्वश्रेष्ठ समर्थन देने वाला राज्य: ओडिशा राज्य सरकार, वर्ष के सर्वश्रेष्ठ तकनीकी अधिकारी: डॉ. कुलदीप सिंह।

रिलेटेड पोस्ट्स