न्यूजीलैंड में भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास

मेजबान टीम को हराकर दूसरी बार जीता एफआईएच नेशंस कप

प्रधानमंत्री ने शाबासी तो हॉकी इंडिया ने की पैसों की बौछार

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार, 21 जून 2026 को ऑकलैंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से धूल चटाकर एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले सीजन के लिए एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में अपनी जगह भी पक्की कर ली है।

भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन और टूर्नामेंट में अजेय रहने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी टीम को बधाई दी है। वहीं, हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बंपर नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टीम को बधाई देते हुए लिखा, 'भारतीय हॉकी खिलाड़ी देश के लिए गौरव और आनंद लेकर आए हैं! FIH हॉकी महिला नेशंस कप में विजेता बनने पर महिला टीम को बहुत-बहुत बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण रूप से बेहतरीन खेल दिखाया। टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं। उम्मीद है कि यह जीत कई अन्य युवाओं को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।'

नवनीत और सुनेलिता ने दागे गोल, डिफेंस ने किया कमाल

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मेजबान न्यूजीलैंड पर दबाव बनाए रखा। मैच के चौथे ही मिनट में नवनीत कौर ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। इसके बाद 15वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने गोल दागकर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। 2-0 की बढ़त लेने के बाद भारतीय टीम ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया और न्यूजीलैंड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। फाइनल मैच में बेमिसाल खेल दिखाने वाली लालरेम्सियामी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में 6 गोल दागने वाली भारत की दीपिका, अमेरिका की एशले सेसा के साथ संयुक्त रूप से टॉप स्कोरर रहीं।

भारत का दूसरा खिताब, पूरे टूर्नामेंट में रही अजेय

यह भारत का दूसरा नेशंस कप खिताब है, इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2022 में इस टूर्नामेंट का पहला सीजन जीता था। इस बार पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही। भारत ने पूल ए मैच में अमेरिका को 3-2, जापान को 2-1 और उरुग्वे को 3-2 से हराया। वहीं सेमीफाइनल में चिली के खिलाफ 6-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। इसके बाद फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।

हॉकी इंडिया ने की पैसों की बौछार

इस ऐतिहासिक खिताबी जीत का जश्न मनाते हुए हॉकी इंडिया ने टीम के लिए बड़े नकद पुरस्कारों का ऐलान किया है। महासंघ ने टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स