ऑस्ट्रेलिया दौरे में सलीमा टेटे सम्हालेंगी भारतीय टीम की कमान

सोनम, हीना बानो और ललथांतलुआंगी जैसे युवा चेहरों को मिला मौका

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए सोमवार को यहां चुनी गयी भारतीय महिला टीम में पहली बार फॉरवर्ड ललथांतलुआंगी को मौका मिला है। पर्थ में 26 से 30 मई तक होने वाला यह दौरा एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2025-26 की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 से 21 जून के बीच ऑकलैंड में आयोजित होगा। भारतीय टीम इस दौरे में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतर रही है। सलीमा टेटे के नेतृत्व में टीम को अनुभव और युवा जोश का संतुलित मिश्रण मिलेगा। 2022 राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता सलीमा के साथ सविता, सुशीला चानू पुखरामबाम, लालरेमसियामी और नवनीत कौर जैसी अनुभवी खिलाड़ी मौजूद रहेंगी।

वहीं सोनम, हीना बानो और ललथांतलुआंगी जैसे युवा चेहरे भी अपनी प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं। सविता और बिचू देवी खारीबाम गोलकीपिंग विभाग में टीम की मजबूत दीवार होंगी। रक्षा पंक्ति में निक्की प्रधान, ईशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबाम, ललथांतलुआंगी और ज्योति के साथ शिल्पी डबास को भी पहली बार सीनियर टीम में मौका मिला है।

मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने टीम चयन पर संतोष जताते हुए कहा, '' अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलन को ध्यान में रखकर टीम तैयार की गई है। कुछ खिलाड़ियों को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा और ऐसे मुकाबले ही खिलाड़ियों को निखारने का सबसे बेहतर मंच साबित होते हैं।''

भारतीय टीम: गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम। डिफेंडर: निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास। मिडफील्डर: सलीमा टेटे, लालरेम्सियामी, नेहा, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, दीपिका सोरेंग, सोनम। फॉरवर्ड: नवनीत कौर, बलजीत कौर, दीपिका, अन्नू, इशिका, हिना बानो, रुतुजा दादासो पिसल।

रिलेटेड पोस्ट्स