पंजाब यूनिवर्सिटी कैम्पस में 51 साल बाद लगेगा राष्ट्रीय हॉकी शिविर

भारतीय अंडर-18 बालकों की टीम को सरदार सिंह देंगे प्रशिक्षण

खेलपथ संवाद

चंडीगढ़। लगभग 51 साल बाद चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी कैम्पस का मैदान भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के लिए राष्ट्रीय तैयारी कैम्प की मेज़बानी करेगा। हॉकी इंडिया ने पुष्टि की है कि 6 से 17 जुलाई तक भारतीय पुरुष अंडर-18 टीम का राष्ट्रीय कोचिंग कैम्प विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। यह कैम्प 20 से 25 जुलाई के बीच ओमान में होने वाली एएचएफ यूथ हॉकी 5 साइड एशियन चैम्पियनशिप-2026 की तैयारियों के लिए लगाया जा रहा है।

पंजाब यूनिवर्सिटी हॉकी कैम्प का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति रेणु विग करेंगी। इस कैंप में देश के कई अंतरराष्ट्रीय जूनियर खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिन्होंने हाल के वर्षों में भारतीय हॉकी को महत्वपूर्ण उपलब्धियां दिलाई हैं। टीम के मुख्य कोच और पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।

पंजाब यूनिवर्सिटी हॉकी कैम्प का ऐतिहासिक महत्व भी है। इससे पहले वर्ष 1975 में इसी परिसर में कुआलालंपुर विश्व कप के लिए भारतीय सीनियर हॉकी टीम का तैयारी शिविर लगा था। उस समय महान हॉकी खिलाड़ी और तीन बार के ओलम्पियन बलबीर सिंह मुख्य कोच थे, जबकि टीम की कप्तानी अजित पाल सिंह ने की थी। उसी वर्ष भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर पहली और अब तक की एकमात्र हॉकी विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की थी।

इस बार पंजाब यूनिवर्सिटी हॉकी कैम्प  आधुनिक सुविधाओं से लैस एस्ट्रोटर्फ मैदान पर आयोजित होगा। खिलाड़ियों को फ्लडलाइट युक्त हॉकी मैदान, जिम, स्वीमिंग पूल, रिकवरी सुविधाएं, आवास और भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। हॉकी इंडिया ने विश्वविद्यालय की खेल सुविधाओं और सहयोग की सराहना करते हुए कहा है कि इससे खिलाड़ियों को एशियाई चैम्पियनशिप की तैयारी में बड़ा लाभ मिलेगा।

पंजाब यूनिवर्सिटी के खेल निदेशक राकेश मलिक ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी हॉकी कैम्प विश्वविद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि भविष्य में हॉकी इंडिया के साथ समझौता ज्ञापन कर राष्ट्रीय कैम्प और बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

गौरतलब है कि भारतीय अंडर-18 टीम हाल ही में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित एशिया कप-2026 जीत चुकी है। फाइनल में भारत ने मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब टीम ओमान में होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप में भी इसी प्रदर्शन को दोहराने के इरादे से पंजाब यूनिवर्सिटी हॉकी कैम्प में तैयारी करेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स